नवादा : जिले के मेसकौर प्रखंड कार्यालय सभागार में प्रखंड बीस सूत्री कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में राशन कार्ड, पेयजल, बिजली, शिक्षा और स्वास्थ्य से जुड़े जनहित के मुद्दों पर तीखी बहस हुई और समीक्षा की गई। अध्यक्षता प्रखंड बीस सूत्री अध्यक्ष अजय कुमार गुप्ता ने की, जबकि रजौली विधायक विमल राजवंशी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
बैठक में समिति सदस्य सुनील कुमार ने राशन कार्ड बनाने में हो रही देरी का मुद्दा उठाया। आपूर्ति विभाग ने बताया कि प्रखंड की 10 पंचायतों से करीब 1,800 ऑफलाइन आवेदन मिले हैं, लेकिन अब तक केवल 11 आवेदन ही ऑनलाइन हो सके हैं। इस पर सदस्यों ने भारी नाराजगी जताते हुए कहा कि देरी से हजारों गरीब परिवार योजना से वंचित रह जाएंगे। इसके अलावा बिना समुचित जांच के राशन कार्ड से नाम हटाए जाने पर कड़ा एतराज जताया।
बैठक में पीएचईडी की बदहाल जलापूर्ति, खराब चापाकलों की मरम्मत में ढिलाई और बिजली विभाग के कनीय अभियंता की लगातार अनुपस्थिति पर जमकर सवाल उठे। सदस्यों का आरोप था कि अधिकारी आम लोगों का फोन तक नहीं उठाते हैं। इसके अलावा मेसकौर में लंबे समय से प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी (BEO) का पद खाली रहने के कारण शैक्षणिक और प्रशासनिक कार्यों के प्रभावित होने का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया।
विधायक विमल राजवंशी ने अधिकारियों को जनसमस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया और लापरवाही बरतने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी। बीडीओ अश्वनी कुमार ने बताया कि बीपीआरओ समेत कई विभागीय अधिकारी और बैंक प्रतिनिधि बैठक से नदारद रहे, जिनसे स्पष्टीकरण मांगा जाएगा। बैठक में मौजूद सभी सदस्यों ने जनसमस्याओं के त्वरित निष्पादन पर ज़ोर दिया।
भईया जी की रिपोर्ट