नवादा : जिला पदाधिकारी रवि प्रकाश की अध्यक्षता में डीआरडीए सभागार में ‘टीबी मुक्त भारत अभियान’ के तहत संचालित गतिविधियों की गहन समीक्षा की गई। बैठक के दौरान जिले के सभी प्रखंडों में टीबी स्क्रीनिंग, एक्स-रे जांच, उपचार, दवा वितरण तथा अन्य स्वास्थ्य गतिविधियों की प्रखंडवार प्रगति का जायजा लिया। समीक्षा के दौरान जिन प्रखंडों में टीबी स्क्रीनिंग का प्रदर्शन कम पाया गया, वहां के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारियों को कड़ी चेतावनी देते हुए विशेष अभियान चलाकर अगले 10 दिनों के भीतर शत-प्रतिशत स्क्रीनिंग सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
संवेदनशील क्षेत्रों व महादलित टोलों में लगेंगे विशेष जांच शिविर
डीएम ने स्पष्ट किया कि लक्ष्य प्राप्ति में किसी भी प्रकार की शिथिलता या लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिया कि टीबी स्क्रीनिंग केवल सरकारी अस्पतालों तक सीमित न रहे, बल्कि निम्नलिखित स्थानों पर विशेष जांच शिविर आयोजित किए जाएं।
इंजीनियरिंग कॉलेज व छात्रावास
-निजी संस्थान व कोचिंग केंद्र
-घनी आबादी वाले क्षेत्र व नगर परिषद क्षेत्र
-महादलित टोले एवं अन्य संवेदनशील इलाके में
परिजनों की अनिवार्य स्क्रीनिंग और एक्स-रे डेटा की ऑनलाइन एंट्री
डीएम ने टीबी मरीजों के परिवार के सभी सदस्यों की अनिवार्य रूप से स्क्रीनिंग कराने पर जोर दिया ताकि प्राथमिक स्तर पर ही संक्रमण की पहचान हो सके।
दवा वितरण: – सभी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारियों को टीबी की दवाओं का नियमित उठाव और मरीजों के बीच समय पर वितरण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
एक्स-रे डेटा प्रविष्टि: – जहां एक्स-रे मशीनें क्रियाशील हैं, वहां प्रतिदिन किए जाने वाले एक्स-रे की डेटावार ऑनलाइन प्रविष्टि अनिवार्य रूप से करने का आदेश दिया।
बैठक में उपस्थित अधिकारी:-
बैठक में सहायक समाहर्त्ता, सिविल सर्जन, सीडीओ डॉ. माला सिन्हा, जिला कार्यक्रम प्रबंधक अमित कुमार, जिला कार्यक्रम समन्वयक इकबाल हुसैन सहित जिले के सभी प्रखंडों के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी एवं स्वास्थ्य विभाग के अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
भईया जी की रिपोर्ट