नवादा : जिले में साइबर अपराधियों ने एक शिक्षक का सिम बिना उसकी जानकारी के दूसरे मोबाइल सर्विस प्रोवाइडर पर पोर्ट कराकर उसके दो बैंक खाते से 02 लाख 60 हजार रुपये निकाल लिये। घटना 29 अप्रैल की बतायी जाती है। शिक्षक मुकेश कुमार जिले के सदर प्रखंड क्षेत्र के भदोखरा उच्च माध्यमिक विद्यालय में पदस्थापित हैं। वे मूलत: गयाजी जिले के वजीरगंज थाना क्षेत्र के विशुनपुर के रहने वाले हैं व गिरिधारी रविदास के पुत्र हैं। वर्तमान में मंगर बिगहा में किराये के एक मकान में रहते हैं।
शिक्षक के मुताबिक उनका सिम 29 अप्रैल से काम करना बंद कर दिया। उन्होंने 05 मई को नवादा की एक सर्विस प्रोवाइडर कम्पनी के आउटलेट में जाकर सिम दिखाया। उन्हें बताया कि उनका सिम 29 अप्रैल को पोर्ट कराया जा चुका है। इस मोबाइल नंबर से उसके दो बैंक अकाउंट लिंक थे। अकाउंट चेक कराने पर पता चला कि दोनों का बैलेंस जीरो कर दिया गया।
इनमें से एक अकाउंट से 1 लाख 06 हजार 414 व दूसरे से 1 लाख 53 हजार 374 रुपये निकाल लिये गये। बाद में पता चला कि अपराधी उनके दोस्तों व रिश्तेदारों को क्यूआर कोड भेजकर उनके नाम पर पैसे मांग रहे हैं। दोनों बैंकों के साइबर हेल्पलाइन पर तत्काल शिकायत दर्ज करायी गयी। बाद में साइबर थाने में मामला दर्ज कराया गया।
भईया जी की रिपोर्ट