नवादा : न्यायालय आदेश की अवहेलना के आरोप में त्रिलोकी बिगहा प्राथमिक विद्यालय के तत्कालीन प्रभारी प्रधानाध्यापक समेत छह लोगों के विरुद्ध नगर थाने में मामला दर्ज कराया गया है। मुफस्सिल थाने के सब इंस्पेक्टर मिथिलेश कुमार सिंह द्वारा दर्ज प्राथमिकी में कोर्ट के आदेशों की अवहेलना, सरकारी कार्य में बाधा डालने एवं पुलिस पदाधिकारी तथा बल के साथ गाली-गलौज, दुर्व्यवहार व मारपीट का आरोप लगाया गया है।
दर्ज कांड संख्या-718/26 में प्रभारी प्रधानाध्यापक रणधीर कुमार, उसके भाई श्यामसुंदर यादव व रणधीर कुमार की दूसरी पत्नी अनुराधा देवी को नामजद किया गया है जबकि इनके 2-3 अन्य सहयोगियों को भी मामले में आरोपित किया गया है। सभी आरोपित मुफस्सिल थाना क्षेत्र के भलुईया टांड़ के रहने वाले बताये जाते हैं।
सब इंस्पेक्टर का आरेाप है कि गिरफ्तारी के बाद रणधीर कुमार को मेडिकल जांच हेतु सदर अस्पताल लाया गया। इन्होंने सदर अस्पताल की आकस्मिक सेवा को हंगामा व बीमार होने का बहाना बना कर बाधित किया। इसके बाद इन्हें कोर्ट लाया गया, जहां इन्होंने कोर्ट के आदेश पर पेशकार द्वारा मंडल कारा भेजने के आर्डर शीट पर हस्ताक्षर नहीं किया और पुलिस – प्रशासन के विरुद्ध गाली-गलौज किया।
गबन के आरोप में किया गया था गिरफ्तार
त्रिलोकी बिगहा प्राथमिक विद्यालय के तत्कालीन प्रभारी प्रधानाध्यापक रणधीर कुमार को सरकारी राशि गबन के आरोप में मुफस्सिल थाना द्वारा गिरफ्तार किया गया था। इस मामले में मुफस्सिल थाने में 14 जनवरी 2025 को कांड संख्या-20/25 दर्ज है। प्रभारी प्रधानाध्यापक पर भवन निर्माण हेतु निर्गत सरकारी राशि 18 लाख 72 हजार 605 रुपये के गबन का आरोप है। मामले में तत्कालीन जिला कार्यक्रम पदाधिकारी सह प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी द्वारा जिला शिक्षा पदाधिकारी के आदेश पर प्रभारी प्रधानाध्यापक के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करायी गयी थी।
भईया जी की रिपोर्ट