नवादा : मुख्यमंत्री, बिहार सम्राट चौधरी के कर-कमलों द्वारा भागलपुर जिले के गोराडीह प्रखंड स्थित काशील से आयोजित राज्यस्तरीय कार्यक्रम के माध्यम से बिहार के 211 नये राजकीय डिग्री कॉलेजों में पठन-पाठन कार्य का शुभारम्भ किया। इस अवसर पर जिले के रोह, सिरदला, मेसकौर, गोविन्दपुर, काशीचक एवं अकबरपुर प्रखंडों के कुल छह राजकीय डिग्री कॉलेजों में शैक्षणिक गतिविधियों की शुरुआत की गई।
इसी क्रम में लाटो यादव इंटर विद्यालय, मेसकौर में संचालित राजकीय डिग्री कॉलेज में जिला पदाधिकारी श्री रवि प्रकाश एवं विधायक,रजौली श्री विमल राजवंशी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर पठन-पाठन कार्य का शुभारम्भ किया। कार्यक्रम के दौरान माननीय मुख्यमंत्री के राज्यस्तरीय कार्यक्रम का लाइव प्रसारण किया गया।
जिले के इन छह राजकीय डिग्री कॉलेजों का अस्थायी संचालन क्रमशः इंटर विद्यालय, रोह; उच्च माध्यमिक विद्यालय, केंदुआ (सिरदला); लाटो यादव इंटर विद्यालय, मेसकौर; राजकीयकृत सर्वोदय +2 इंटर विद्यालय, सुघड़ी (गोविन्दपुर); उच्च माध्यमिक विद्यालय, रेवरा, जगदीशपुर (काशीचक) तथा उच्च माध्यमिक विद्यालय, कुहिला (अकबरपुर) में किया जाएगा। प्रारंभिक चरण में इन सभी राजकीय डिग्री कॉलेजों में हिन्दी, अंग्रेजी, इतिहास, राजनीति विज्ञान, समाजशास्त्र एवं मनोविज्ञान विषयों में स्नातक स्तर की पढ़ाई प्रारम्भ की जा रही है। आगामी चरणों में विज्ञान एवं वाणिज्य संकाय की पढ़ाई भी प्रारम्भ की जाएगी।
महाविद्यालयों में प्राचार्यों की पदस्थापना की जा चुकी है तथा शिक्षकों की नियुक्ति संबंधित विश्वविद्यालय द्वारा की जाएगी। छात्र-छात्राओं के नामांकन की प्रक्रिया ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से संचालित की जा रही है। इस अवसर पर उप विकास आयुक्त, नव, गोपनीय शाखा प्रभारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, संबंधित प्रखंडों के प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, जनप्रतिनिधिगण, शिक्षा विभाग के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।
भईया जी की रिपोर्ट