नवादा : जिले में अपराधियों और मादक पदार्थों के सौदागरों एवं साइबर ठगों के खिलाफ पुलिस की चौतरफा कार्रवाई जारी है। इसी कड़ी में पुलिस अधीक्षक अभिनव धीमान के निर्देश पर कार्रवाई करते हुए नारदीगंज थानाध्यक्ष राजेश कुमार की पुलिस टीम ने एक बेहद शातिर, कुख्यात और दागी अपराधी सुनील कुमार को रंगे हाथों भारी मात्रा में ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार किया है। उसके खिलाफ हत्या का प्रयास, रंगदारी और मारपीट जैसे कुल 16 संगीन मामले दर्ज हैं।
पुलिस मुख्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 11.07.2026 को नारदीगंज थाना क्षेत्र में रंगदारी मांगने, मारपीट करने और जान से मारने की नीयत से हमला करने का एक मामला सामने आया था। पीड़ित की शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए नारदीगंज थाना कांड संख्या-255/26 दर्ज किया गया। मामले की संवेदनशीलता और आरोपी के खौफ को देखते हुए एसपी ने थानाध्यक्ष के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया और आरोपी की तुरंत गिरफ्तारी के निर्देश दिए।
विशेष पुलिस टीम आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही थी। इसी बीच दिनांक 12.07.2026 को पुलिस को सटीक इनपुट मिला कि उक्त कांड का मुख्य नामजद आरोपी वनगंगा के समीप है। थानाध्यक्ष के नेतृत्व में पुलिस बल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घेराबंदी की और आरोपी को धर दबोचा।
गिरफ्तार अभियुक्त को जब थाना परिसर लाया गया और उसकी सघन तलाशी ली गई, तो पुलिस अधिकारी भी हैरान रह गए। उसके पास से 31 पुड़िया प्रतिबंधित ब्राउन शुगर (कुल वजन लगभग 15 ग्राम) बरामद की गई। इसके अलावा उसके पास से 1 मोबाइल फोन और ₹7,200 नकद जब्त किए गए। पूछताछ में आरोपी ने अपने सभी गुनाहों और लूट/हमले के कांड में संलिप्तता स्वीकार कर ली।
ड्रग्स की बरामदगी को लेकर पुलिस ने उसके खिलाफ नारदीगंज थाना कांड संख्या 257/26 दिनांक 12.07.2026 के तहत NDPS एक्ट की धारा 21(b) के तहत एक और नया मामला दर्ज किया है। विदित हो कि उक्त आरोपी के विरुद्ध CCA-12 (Crime Control Act तहत भी पूर्व में कार्रवाई की जा चुकी है।
भईया जी की रिपोर्ट