नवादा : जिला जनता दल (यूनाइटेड) के भीतर अंदरूनी कलह खुलकर सामने आ गई है। पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष एवं बीस सूत्री अध्यक्ष सह वर्तमान में प्रदेश सचिव मुकेश विद्यार्थी ने प्रदेश सचिव पद से इस्तीफा दे दिया है। सूत्रों के अनुसार, मुकेश विद्यार्थी ने नवादा जदयू के नए जिलाध्यक्ष को लेकर उमेश कुशवाहा द्वारा की गयी नियुक्ति पर नाराजगी जताते हुए यह फैसला लिया है। आरोप है कि संगठन में उनकी अनदेखी की गई तथा नए जिलाध्यक्ष के चयन में कार्यकर्ताओं की राय को महत्व नहीं दिया गया।
मुकेश विद्यार्थी लंबे समय तक नवादा जदयू के जिलाध्यक्ष रहे हैं और संगठन के सक्रिय नेताओं में उनकी पहचान रही है। प्रदेश सचिव बनने के बाद भी वे जिले की राजनीति में लगातार सक्रिय थे। दूसरी ओर, नए जिलाध्यक्ष के समर्थन में भी पार्टी का एक वर्ग सामने आया है। समर्थकों का कहना है कि संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के लिए नेतृत्व में बदलाव आवश्यक था।
मुकेश विद्यार्थी के इस्तीफे के बाद नवादा जदयू में गुटबाजी की चर्चाएं तेज हो गई हैं। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि इसका असर आगामी पंचायत और लोकसभा चुनावों की तैयारियों पर भी पड़ सकता है। हालांकि, जदयू के प्रदेश नेतृत्व की ओर से इस इस्तीफे को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
भईया जी की रिपोर्ट