नवादा : नवादा के जीआरपी जवान से साइबर ठगी मामले में तीन हैकरों को नगर थाने की पुलिस ने तीन घंटे के भीतर नालंदा जिले के पावापुरी इलाके में छापेमारी कर धर दबोचा। तकनीकी सर्विलांस व मानवीय इंटेलिजेंस की मदद से पुलिस ने इन्हें गिरियक थाना क्षेत्र के बकरा गांव स्थित शमशान घाट से दबोच लिया। इनके पास से तीन मोबाइल बरामद की गयी है। पकड़े गये हैकरों में से दो नाबालिग हैं। दोनों नालंदा जिले के गिरियक थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं।
इन्हें निरुद्ध किया गया है। वहीं एक अन्य गिरफ्तार युवक की पहचान शेखपुरा जिले के चितौड़ा गांव के स्व. संजय साव के बेटे सन्नी कुमार के रूप में की गयी है। मामला नवादा के जीआरपी जवान सुजय कुमार से उनके एक परिचित मुखिया मुकेश सिंह का वाट्सएप हैक कर 36 हजार रुपये की ठगी से जुड़ा है। इस मामले में 08 जुलाई को नगर थाने में अज्ञात अपराधियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है। छापेमारी में नगर थानाध्यक्ष उमाशंकर सिंह के नेतृत्व में अन्य पुलिस पदाधिकारी शामिल थे।
घटनाक्रम की जानकारी
07 जुलाई की रात की है घटना शेखपुरा जिले के शेखोपुर सराय थाने के अम्बारी गांव के निवासी सुजय कुमार से 07 जुलाई की रात करीब 9:06 बजे वाट्सएप के माध्यम से उनके परिचित मुकेश सिंह द्वारा 36 हजार रुपये की मांग की जाती है। सुजय नवादा जीआरपी में पदस्थापित बताये जाते हैं। सुजय ने अविलंब मुकेश सिंह को उनके नंबर पर कॉल लगाया। परंतु उनका फोन व्यस्त था। सुजय को लगा कि वास्तव में कुछ अरजेंट काम होगा तो उन्होंने मुकेश सिंह को वाटसएप के माध्यम से पूछा। उधर से जवाब आया कि मुझे 36 हजार का काम है। एक नंबर देकर कहा कि इस नंबर पर भेज दो, नाम राजीव कुमार आयेगा। इसके बाद मुकेश ने उन्हें 9:40 बजे रात में रुपये यूपीआई से भेज दिया। तुरंत ही वाट्सएप से फिर बोला गया कि 40 हजार और भेज दो, काम है। जब उन्होंने मुकेश सिंह को कॉल किया तो उन्होंने कहा कि मत भेजो, मेरा वाट्सएप किसी ने हैक कर लिया है।
शमशान घाट में बैठकर कर रहे थे फ्रॉड
घटना की गंभीरता को देखते हुए नवादा एसपी अभिनव धीमान द्वारा सदर एसडीपीओ-01 हुलाश कुमार की मॉनिटरिंग व नगर थानाध्यक्ष उमाशंकर सिंह के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया। टीम द्वारा प्राथमिकी दर्ज करने के तीन घंटे के भीतर तीन आरोपितों को दबोच लिया गया। पुलिस के मुताबिक तीनों पकड़े गये हैकरों द्वारा वाट्सएप हैक कर शमशान घाट में बैठकर इस प्रकार की घटना को अंजाम दिया जा रहा था। जवान द्वारा ठगे गये 36 हजार और अन्य लोगों से ठगे गये 56 हजार के ट्रांजैक्शन का सुराग मोबाइल से बरामद किया गया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है। इस मामले में गिरोह के मुख्य सरगना समेत अन्य लोगों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।
भईया जी की रिपोर्ट