नवादा : सोशल मीडिया पर युवक-युवती के साथ अभद्र व्यवहार का वायरल वीडियो सामने आने के बाद जिले की थाली थानाध्यक्ष ने मामले की जांच कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि घटना को सोशल मीडिया पर सांप्रदायिक रंग देकर भ्रामक प्रचार किया जा रहा था, जबकि जांच में यह दावा पूरी तरह गलत पाया गया। पुलिस के अनुसार, युवक और युवती दोनों एक ही समुदाय के हैं तथा दोनों के बीच पहले से परिचय था।
युवती ने अपने बयान में बताया कि वह 2 जुलाई 2026 को अपने फुफेरे भाई के साथ प्रोजेक्ट कन्या विद्यालय, गोविंदपुर से परीक्षा देकर लौट रही थी। तेज धूप होने के कारण दोनों माधोपुर (चरकी पहाड़) के समीप एक पेड़ की छांव में बैठकर पानी पी रहे थे। इसी दौरान कुछ असामाजिक तत्व वहां पहुंचे और दोनों के साथ अभद्र व्यवहार करते हुए युवती पर शादी करने का दबाव बनाया तथा उन्हें अनावश्यक रूप से परेशान किया।
युवती के बयान पर थाली थाना में मामला दर्ज किया गया। जांच के दौरान वायरल वीडियो में दिख रहे आरोपियों की पहचान कर पुलिस ने धर्मेंद्र कुमार और बहादुर चौधरी को गिरफ्तार कर लिया। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि बिना सत्यापन के किसी भी भ्रामक या सांप्रदायिक पोस्ट को सोशल मीडिया पर साझा न करें।
भईया जी की रिपोर्ट