नवादा : जिले के गोविंदपुर स्थित खखन्दुआ माइंस में संचालित पटेल एग्रो इंडस्ट्रीज प्रा. लि. के खिलाफ हिसुआ विधायक अनिल सिंह के नेतृत्व में चल रहा “घेरा डालो, डेरा डालो” आंदोलन दूसरे दिन भी जारी रहा। ग्रामीणों ने सड़क पर उतरकर गिट्टी लदे हाईवा और ट्रकों का परिचालन रोक दिया। स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने गांव में कैंप कर निगरानी बढ़ा दी है।
गोपालपुर गांव सहित आसपास के इलाके के ग्रामीण सुबह से ही सड़क पर जुटे रहे. “जय जवान, जय किसान, जय बिहार” के नारों के बीच प्रदर्शनकारियों ने गिट्टी लदे ट्रकों और हाईवा के आवागमन को रोक दिया। विरोध के कारण कई वाहन सड़क किनारे खड़े रहे। ग्रामीणों का कहना है कि भारी वाहनों के लगातार परिचालन से ग्रामीण सड़कें क्षतिग्रस्त हो रही हैं, जिससे आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट कहा कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होंगी, तब तक ग्रामीण सड़क पर भारी वाहनों का परिचालन नहीं होने दिया जाएगा।
जिला पदाधिकारी के निर्देश पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अकबरपुर अंचल अधिकारी संजय कुमार प्रसाद, नेमदारगंज थानाध्यक्ष रंजीत कुमार और माइंस इंस्पेक्टर संतोष विकास पुलिस बल के साथ गोपालपुर गांव में कैंप कर रहे हैं। प्रशासन पूरे घटनाक्रम पर लगातार नजर बनाए हुए है। सड़क किनारे खड़े ट्रक चालक ने बताया कि उसके वाहन में गिट्टी लदी है, लेकिन ग्रामीणों के विरोध के कारण आगे बढ़ने का जोखिम नहीं उठाया जा सकता। चालक ने आशंका जताई कि वाहन आगे ले जाने पर नुकसान हो सकता है इसी वजह से फिलहाल सभी ट्रकों को सड़क किनारे रोक दिया गया है।
भईया जी की रिपोर्ट