नवादा : जिले के रजौली में शराब तस्करी का ऐसा मामला सामने आया है जिसने पुलिस को भी चौंका दिया। अब तक चोरी की पुरानी बाइकों से शराब ढोने वाले तस्कर इस बार बिना नंबर की हाईटेक R15 रेसिंग बाइक का इस्तेमाल कर रहे थे। उनका मकसद तेज रफ्तार के दम पर पुलिस को चकमा देना था, लेकिन गुप्त सूचना ने पूरे खेल का राजफाश कर दिया।
अंडरपास बना था ‘सेफ रूट’, खुल गया पूरा खेल
पुलिस को सूचना मिली कि मुरहेना-अंधरवारी मार्ग से शराब की खेप लाई जा रही है। सूचना मिलते ही एएसआई के.के. झा पुलिस बल के साथ अंधरवारी अंडरपास पहुंचे। मध्य विद्यालय के पास छापेमारी के दौरान एक बोरे में एक-एक लीटर के 18 पाउच महुआ शराब बरामद हुए। मौके से बिना नंबर की R15 बाइक जब्त कर ली गई, जिसका इस्तेमाल शराब ढोने में किया जा रहा था।
शादी में मिली थी R15, अब बन गई तस्करी की सवारी! स्थानीय लोगों के बीच चर्चा है कि जब्त की गई R15 बाइक आरोपी को शादी में उपहार के रूप में मिली थी। लेकिन जिस बाइक को शौक और रुतबे की पहचान माना जाता है, उसी का इस्तेमाल कथित तौर पर शराब के अवैध कारोबार में होने लगा। इस खुलासे के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।
पुरानी तरकीब छोड़ी, अब हाईटेक हो गए तस्कर
पुलिस का मानना है कि लगातार कार्रवाई के कारण शराब माफियाओं ने अपना तरीका बदल लिया है। पहले वे चोरी की या साधारण बाइकों का इस्तेमाल करते थे, लेकिन अब तेज रफ्तार रेसिंग बाइकों के जरिए पुलिस से बच निकलने की कोशिश कर रहे हैं। इससे कानून-व्यवस्था के सामने नई चुनौती खड़ी हो गई है।
भईया जी की रिपोर्ट