नवादा : जिले के कल्याण विभाग को नया नेतृत्व मिला है। राजीव रंजन कुमार ने नए जिला कल्याण पदाधिकारी का पदभार ग्रहण कर लिया है। इसके पूर्व वे लखीसराय में इसी पद पर कार्यरत थे और वहां अपने कार्यकाल के दौरान उल्लेखनीय कार्य के लिए जाने जाते हैं। राजीव रंजन कुमार लखीसराय में जिला कल्याण पदाधिकारी के रूप में अपनी कुशल कार्यशैली, पारदर्शिता और जनहितकारी योजनाओं के सफल क्रियान्वयन के लिए पहचाने गए। नवादा आगमन पर सामाजिक संगठनों, कर्मचारियों और स्थानीय लोगों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। लोगों का मानना है कि उनके अनुभव से जिले में कल्याणकारी योजनाओं को नई गति मिलेगी।
पदभार संभालते ही उन्होंने कहा कि अनुसूचित जाति, जनजाति, पिछड़ा वर्ग और अल्पसंख्यक समुदाय के लिए चलाई जा रही छात्रवृत्ति, आवासीय विद्यालय, पेंशन और कौशल विकास योजनाओं का शत प्रतिशत लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाना उनकी पहली प्राथमिकता होगी। नवादा के प्रबुद्ध नागरिकों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने उनके पदभार ग्रहण पर खुशी जताई। स्थानीय निवासी सुनील कुमार ने कहा, “लखीसराय में इनके काम की चर्चा हमने सुनी है। उम्मीद है नवादा में भी योजनाओं का लाभ बिना बाधा के हर जरूरतमंद तक पहुंचेगा।” जिला कल्याण कार्यालय के कर्मियों ने भी नए पदाधिकारी के अनुभव और अनुशासित कार्यशैली पर भरोसा जताया है।
राजीव रंजन कुमार ने बताया कि वे सबसे पहले विभाग की मौजूदा योजनाओं की समीक्षा करेंगे और फील्ड विजिट कर जमीनी हकीकत समझेंगे। शिकायत निवारण को तेज और पारदर्शी बनाने पर विशेष जोर रहेगा। जिले के लिए यह नियुक्ति उम्मीद की नई किरण लेकर आई है। लोगों को भरोसा है कि उनके नेतृत्व में कल्याणकारी योजनाएं अधिक प्रभावी ढंग से लागू होंगी।
भईया जी की रिपोर्ट