नवादा : जिले के पकरीबरावां थाना क्षेत्र के रोहुआ गांव में युवक के साथ बेरहमी से मारपीट कर उसकी एक आंख फोड़ने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। गंभीर रूप से घायल युवक को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे विम्स पावापुरी रेफर किया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए पटना भेज दिया।
शादी समारोह के लिए मजदूर बुलाने गया था युवक
जानकारी के अनुसार, रोहुआ गांव निवासी प्रदीप हलवाई का पुत्र सूरज कुमार हलवाई शादी-विवाह एवं अन्य समारोहों में खाना बनाने का कार्य करता है। अपने काम के लिए मजदूर बुलाने महादलित टोला गया था। इसी दौरान विवाद हो गया, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। आरोप है कि दो लोगों ने लाठी-डंडे और मुक्कों से उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे उसकी एक आंख गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गई।
पत्नी ने दर्ज कराई प्राथमिकी
पत्नी पूजा कुमारी द्वारा दर्ज कराई गई प्राथमिकी में आरोप लगाया है कि हमलावरों ने उसके पति पर गांव में अवैध शराब बेचने की सूचना पुलिस को देने का आरोप लगाते हुए हमला किया और उसकी एक आंख फोड़ दी।
तमाशबीन बने रहे लोग
स्थानीय लोगों के अनुसार, घटना के समय आसपास कई लोग मौजूद थे, लेकिन किसी ने बीच-बचाव नहीं किया। आरोपित लगातार युवक की पिटाई करते रहे। घटना के बाद परिजनों ने घायल को अस्पताल पहुंचाया, जहां से उसे बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया।
दोनों नामजद आरोपित गिरफ्तार
मामले की सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए प्राथमिकी दर्ज कर दोनों नामजद आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। एसडीपीओ सुजय विद्यार्थी ने बताया कि पीड़ित की पत्नी के आवेदन पर मामला दर्ज कर तत्काल कार्रवाई की गई है। थानाध्यक्ष रंजन चौधरी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों की पहचान बासुदेव मांझी उर्फ भगत और राकेश मांझी उर्फ राजेश मांझी, दोनों पिता राजो मांझी, निवासी रोहुआ के रूप में हुई है। दोनों से पूछताछ के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
भईया जी की रिपोर्ट