– छोटा भाई बना एसडीएम तो ग्रामीणों ने किया भव्य स्वागत
नवादा : बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) की 70वीं संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा में 159वीं रैंक हासिल कर जिले के वारिसलीगंज प्रखंड के झौर गांव के अनंत लाल ने अनुमंडल पदाधिकारी यानी एसडीएम बनने का सपना साकार कर लिया। उनकी सफलता से पूरे इलाके में खुशी का माहौल है। गांव लौटने पर उनका भव्य स्वागत किया गया। अनंत लाल ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता के साथ अपने बड़े भाई के त्याग और संघर्ष को दिया, जिन्होंने उनकी पढ़ाई पूरी कराने के लिए अपनी पढ़ाई तक छोड़ दी।
बड़े भाई ने छोटे के लिए छोड़ी पढ़ाई, SDM बने अनंत लाल की दिलचस्प है कहानी
जिले वारिसलीगंज प्रखंड क्षेत्र के झौर गांव के अनंत लाल बने SDM, गांव लौटने पर हुआ भव्य स्वागत। खराट मोड़ से गांव तक निकला भव्य स्वागत जुलूस। अनंत लाल जब अपने गांव पहुंचे तो उनके स्वागत के लिए सैकड़ों लोग पहले से मौजूद थे। वारिसलीगंज से करीब 12 किलोमीटर दूर खराट मोड़ पर ग्रामीणों, दोस्तों और शुभचिंतकों ने फूल-मालाओं, डीजे और गाजे-बाजे के साथ उनका स्वागत किया। इसके बाद बाइक और चारपहिया वाहनों के लंबे काफिले के साथ उन्हें वारिसलीगंज शहर होते हुए पैतृक गांव झौर लाया गया। गांव पहुंचने पर लोगों ने फूल, गुलदस्ते और अंगवस्त्र देकर उनका सम्मान किया।
गांव के स्कूल से शुरू हुई पढ़ाई, मेहनत से मिली मंजिल
अनंत लाल ने बताया कि उनकी शुरुआती पढ़ाई गांव के मध्य विद्यालय से हुई। इसके बाद उन्होंने वारिसलीगंज के एसजीबीके साहू प्लस टू विद्यालय से इंटरमीडिएट की पढ़ाई पूरी की। स्नातक की शिक्षा उन्होंने एस.एन. सिन्हा कॉलेज, वारिसलीगंज से प्राप्त की। सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने लगातार मेहनत की और आखिरकार बीपीएससी जैसी प्रतिष्ठित परीक्षा में सफलता हासिल कर प्रशासनिक सेवा में जगह बनाई।
भाई ने छोड़ी पढ़ाई, ताकि छोटा भाई बन सके अफसर
अपनी सफलता के पीछे सबसे बड़ा योगदान बताते हुए अनंत लाल भावुक हो गए। उन्होंने कहा कि उनके बड़े भाई ने परिवार की आर्थिक स्थिति को देखते हुए अपनी पढ़ाई बीच में छोड़ दी और काम करना शुरू कर दिया। भाई के इसी त्याग और सहयोग की बदौलत वह अपनी पढ़ाई जारी रख सके। उन्होंने कहा कि माता-पिता का आशीर्वाद और भाई का संघर्ष ही उनकी सबसे बड़ी ताकत बनी।
युवाओं के लिए बने प्रेरणा, जनप्रतिनिधियों ने दी बधाई
गांव पहुंचने के बाद अनंत लाल ने सबसे पहले मंदिर में पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया। उनकी सफलता पर क्षेत्र के शिक्षाविदों, जनप्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने खुशी जताई। विधायक अनीता देवी, पूर्व विधायक अरुणा देवी, शिक्षाविद गोविंद जी तिवारी सहित कई लोगों ने उन्हें शुभकामनाएं दीं। ग्रामीणों का कहना है कि अनंत लाल की सफलता साबित करती है कि कठिन परिस्थितियां भी मेहनत और लगन के आगे छोटी पड़ जाती हैं। उनकी यह उपलब्धि ग्रामीण पृष्ठभूमि से आने वाले युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी।
भईया जी की रिपोर्ट