नवादा : जिले के रोह गांव के प्रसिद्ध समाजसेवी मोहम्मद एजाज़ अहमद उर्फ मुन्ना ने अपने नाम से जारी मोहर्रम लाइसेंस को निजी कारणों का हवाला देते हुए निरस्त करने की मांग की है। इस संबंध में उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवेदन देकर लाइसेंस वापस कर दिया है।
जानकारी के अनुसार, मुन्ना जी ने रोह थाना पहुंचकर थाना प्रभारी को आवेदन सौंपते हुए अपने नाम से संचालित मोहर्रम लाइसेंस को जमा कर दिया। इसके अलावा उन्होंने अनुमंडल कार्यालय रजौली में भी आवेदन देकर लाइसेंस निरस्त करने का अनुरोध किया है। उन्होंने कहा कि व्यक्तिगत कारणों से अब वे उक्त लाइसेंस का संचालन जारी रखने में असमर्थ हैं, इसलिए प्रशासन से इसे रद्द करने की मांग की गई है।
मुन्ना जी ने बताया कि उन्होंने सभी संबंधित पदाधिकारियों को आवेदन देकर अपनी स्थिति से अवगत करा दिया है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यदि कोई इच्छुक एवं योग्य व्यक्ति मोहर्रम आयोजन के लिए अपने नाम से नया लाइसेंस लेना चाहता है तो वह प्रशासनिक प्रक्रिया के तहत आवेदन कर सकता है। उन्होंने कहा कि लाइसेंस निरस्त करने का निर्णय पूरी तरह व्यक्तिगत कारणों से लिया गया है और इसका किसी प्रकार के सामाजिक या धार्मिक विवाद से कोई संबंध नहीं है।
साथ ही उन्होंने कहा कि मोहर्रम से जुड़े सामाजिक एवं धार्मिक कार्यों में जहां भी उनकी आवश्यकता महसूस की जाएगी, वे हमेशा सहयोग के लिए तैयार रहेंगे। मुन्ना जी ने मीडिया के माध्यम से यह जानकारी आम लोगों तक पहुंचाने की अपील करते हुए कहा कि गांव के बुद्धिजीवी, समाजसेवी और गणमान्य लोग आगे की रणनीति पर विचार करें ताकि मोहर्रम का आयोजन पूर्व की तरह शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके। उन्होंने उम्मीद जताई कि समाज के लोग आपसी सहयोग और भाईचारे के साथ इस विषय पर सकारात्मक निर्णय लेंगे।
भईया जी की रिपोर्ट