अरवल – जिला पदाधिकारी, अरवल अमृषा बैंस के निर्देशानुसार संभावित बाढ़ एवं अन्य प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए जिला प्रशासन द्वारा आपदा प्रबंधन संबंधी तैयारियों की लगातार समीक्षा की जा रही है। इसी क्रम में आज एसडीआरएफ. की तकनीकी टीम, बिहटा द्वारा अरवल जिला अंतर्गत करपी प्रखंड एवं सोनभद्र वंशी सूर्यपुर प्रखंड में उपलब्ध आपदा प्रबंधन संसाधनों का निरीक्षण एवं तकनीकी जांच की गई।
निरीक्षण के दौरान आपदा की स्थिति में उपयोग किए जाने वाले पॉलीथिन शीट, लाइफ जैकेट, नाव, राहत एवं बचाव कायों में संलग्न गोताखोरों की उपलब्धता तथा उनकी कार्यक्षमता का परीक्षण किया गया। साथ ही उपलब्ध संसाधनों की गुणवत्ता, रखरखाव एवं आपातकालीन परिस्थितियों में उनके त्वरित उपयोग की तैयारियों का भी जायजा लिया गया।
एसडीआरएफ. की टीम द्वारा संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को आवश्यक तकनीकी सुझाव एवं दिशा-निर्देश दिए गए, ताकि किसी भी संभावित आपदा की स्थिति में राहत एवं बचाव कार्यों का संचालन त्वरित प्रभावी एवं समन्वित रूप से किया जा सके। जिला प्रशासन द्वारा स्पष्ट किया गया कि आमजनों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा संभावित आपदाओं के मद्देनज़र सभी आवश्यक संसाधनों को सुदृढ़ एवं क्रियाशील बनाए रखने हेतु निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। जिला प्रशासन किसी भी आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए पूर्णतः सतर्क एवं तैयार है।
देवेंद्र कुमार की रिपोर्ट