नवादा : जिले में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत परना डाबर थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने टोटो से 71 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद करते हुए चालक को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही शराब तस्करी में प्रयुक्त वाहन को जब्त कर लिया।
मुरली मोड़ के पास पकड़ी गई शराब की खेप
थानाध्यक्ष हरिकांत कुमार ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक टोटो में अवैध शराब की खेप लाई जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मुरली मोड़ के समीप संदिग्ध वाहन का पीछा किया। इसके बाद परना डाबर थाना क्षेत्र में वाहन को रोककर उसकी तलाशी ली गई। जांच के दौरान टोटो की सीट के नीचे छिपाकर रखी गई 71 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद हुई।
गया जिले का रहने वाला है चालक
टोटो चालक को मौके पर गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार चालक की पहचान गया जिले के वजीरगंज थाना क्षेत्र के केनार चट्टी गांव निवासी वीरेंद्र यादव के पुत्र 19 वर्षीय नीतीश कुमार के रूप में हुई है। इस बावत उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
भईया जी की रिपोर्ट