नवादा : जिले के नारदीगंज थाना क्षेत्र के नारदीगंज बाजार में दुकान पर सामान खरीदने के दौरान पैसे के लेन-देन को लेकर हुए विवाद में युवक की पिटाई के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई थी। मृतक की पहचान दीपु लाल (32 वर्ष), पिता प्रदीप लाल, निवासी नारदीगंज के रूप में हुई। बताया गया कि दुकानदार और उसके परिवार के लोगों ने मिलकर दीपु लाल के साथ मारपीट की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इस संबंध में नारदीगंज थाना कांड संख्या 208/26, दिनांक 10 जून 2026 को विभिन्न सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था।
घाय/ल दीपु लाल का इलाज पटना के पीएमसीएच में चल रहा था, जहां 11 जून 2026 को उनकी मृत्यु हो गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गुप्त सूचना एवं तकनीकी सहयोग के आधार पर 12 जून 2026 को मुख्य आरोपी मो. अरमान (19 वर्ष), पिता मो. असगर दर्जी को नवादा नगर से गिरफ्तार कर लिया वहीं उसके भाई, जो विधि-विरुद्ध बालक है, को भी निरुद्ध किया गया है। पुलिस ने बताया कि इस मामले में पूर्व में भी तीन आरोपियों मो. अख्तर उर्फ मुख्तार उर्फ बड़ैल, मो. असगर तथा मुख्तरी खातून उर्फ मुन्नी खातून को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है। पुलिस की इस मामले में अग्रेतर अनुसंधान जारी है।
भईया जी की रिपोर्ट