नवादा : जिले के सिरदला थाना क्षेत्र के नवाबगंज मोड़ स्थित हाजीपुर देवी मंदिर के समीप गया-रजौली एसएच-70 पर शुक्रवार को हुए भीषण सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल वृद्ध रामचंद्र चौधरी की इलाज के दौरान मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही फुलवरिया गांव समेत पूरे आसपास के क्षेत्रों में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार, सिरदला एफसीआई (FCI) गोदाम मैनेजर शुभम कुमार बाइक से सिरदला प्रखंड कार्यालय से रजौली की ओर तेजी से जा रहे थे। इसी दौरान हाजीपुर देवी मंदिर के पास उनकी तेज रफ्तार बाइक की सीधी टक्कर साइकिल सवार रामचंद्र चौधरी से हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अचानक अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी (बीपीआरओ) पुरुषोत्तम कुमार ने मानवता का परिचय देते हुए बड़ी तत्परता दिखाई। उन्होंने स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाने की समुचित व्यवस्था कराई। घायल वृद्ध रामचंद्र चौधरी की पहचान सिरदला बाजार के फुलवरिया गांव निवासी के रूप में हुई। वे साइकिल से गांव-गांव घूमकर कपड़ा बेचकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे।
स्थानीय चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए पहले नवादा सदर अस्पताल रेफर किया था। वहां से बेहतर इलाज के लिए उन्हें तुरंत पटना रेफर कर दिया गया, लेकिन पटना ले जाने के दौरान रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। बाइक चालक शुभम कुमार को भी चोटें आई थीं। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी स्थिति अब पूरी तरह सामान्य बताई जा रही है।
भईया जी की रिपोर्ट