नवादा : जिले के रजौली थाना क्षेत्र के चितरकोली गांव स्थित खदान के समीप से उत्पाद विभाग के जवानों ने लगातार तीसरे दिन शराब तस्कर को भारी मात्रा में बियर के साथ धर दबोचा। पुलिस ने मौके से एक अपाचे मोटरसाइकिल को जब्त किया है, जिस पर 72 केन बियर लदी हुई थी। उत्पाद विभाग की इस बैक-टू-बैक कार्रवाई से चितरकोली और आसपास के सीमावर्ती इलाकों के शराब तस्करों में हड़कंप मचा हुआ है।
झारखंड के कोडरमा से हो रही थी तस्करी, उत्पाद विभाग के सूचना तंत्र ने किया खेल खराब
सूत्रों के अनुसार, चितरकोली गांव अंतरराज्यीय जांच चौकी (चेक पोस्ट) से बिल्कुल सटा इलाका है । शराब तस्कर झारखंड के कोडरमा से आने वाली शराब को जांच चौकी की नजरों से बचाने के लिए चितरकोली गांव के कच्चे रास्तों और खदान क्षेत्र का इस्तेमाल बाईपास के रूप में करते हैं। लेकिन उत्पाद विभाग के मजबूत सूचना तंत्र और पैनी नजरों के कारण तस्करों के मंसूबों पर पानी फिर रहा है। बता दें कि इससे पहले भी विभाग ने इसी रूट पर एक टोटो और एक स्विफ्ट कार से भारी मात्रा में शराब जब्त की थी, जिसका मुख्य तस्कर चितरकोली गांव का ही रहने वाला था।
500 एमएल के 72 केन बियर बरामद
जानकारी देते हुए उत्पाद अधीक्षक अरुण कुमार मिश्र ने बताया कि मद्य निषेध कानून के तहत झारखंड की ओर से आने वाले प्रत्येक छोटे-बड़े वाहन की सघन चेकिंग की जा रही है। विशेष अभियान का नेतृत्व खुद उत्पाद इंस्पेक्टर अमृत कुमार गुप्ता कर रहे हैं। इसी क्रम में गुप्त सूचना के आधार पर उत्पाद एएसआई पंकज कुमार साव ने टीम के साथ छापेमारी कर चितरकोली खदान क्षेत्र से एक अपाचे बाइक को रोका।
जांच करने पर बाइक से 500 एमएल वाले कुल 72 केन बियर बरामद किए गए। धंधे में शामिल एक विधि निरुद्ध बालक (नाबालिग) को मौके से निरुद्ध किया गया। उत्पाद अधीक्षक ने बताया कि जब्त बियर, बाइक और पकड़े गए नाबालिग के खिलाफ उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। विधि निरुद्ध बालक को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया। छापेमारी अभियान में उत्पाद एएसआई मो. सबीर सहित गृह रक्षा वाहिनी (होमगार्ड) के जवान मुख्य रूप से मुस्तैद रहे।
भईया जी की रिपोर्ट