नवादा : क्षेत्र भ्रमण कार्यक्रम के अंतर्गत जिला पदाधिकारी श्री रवि प्रकाश द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, वारिसलीगंज का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल परिसर का भ्रमण कर विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं एवं व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया। निरीक्षण के क्रम में जिला पदाधिकारी ने ओपीडी कक्ष का जायजा लिया। इस दौरान उन्हें बताया गया कि निरीक्षण तक कुल 250 मरीजों का ओपीडी पंजीकरण किया जा चुका था तथा लगभग 240 मरीजों की वाइटल जांच एवं अन्य प्रारंभिक स्वास्थ्य जांच पूरी की जा चुकी थी। जिला पदाधिकारी ने मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा करते हुए चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी ने अस्पताल में उपचाररत एवं ओपीडी में आए मरीजों से भी बातचीत कर उन्हें उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की। मुड़ला चक से आईं सुलेखा देवी से उनके हाल-चाल के बारे में जानकारी ली। उन्हें बेहतर उपचार हेतु एमओआईसी को निर्देश दिया। उन्होंने विभिन्न वार्डों, जांच व्यवस्था, दवा वितरण काउंटर, स्वच्छता व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं का निरीक्षण किया तथा संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि अस्पताल में आने वाले प्रत्येक मरीज को निर्धारित मानकों के अनुरूप सभी आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने कहा कि मरीजों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी व्यवस्थाओं का नियमित अनुश्रवण सुनिश्चित किया जाए।
इसके उपरांत जिला पदाधिकारी ने औषधि भंडारण कक्ष का निरीक्षण किया तथा दवाओं की उपलब्धता एवं रख-रखाव की स्थिति की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने आवश्यक एवं जीवनरक्षक दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया, ताकि अस्पताल में आने वाले मरीजों को किसी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े। जिला पदाधिकारी ने अस्पताल में स्वच्छता व्यवस्था, पेयजल, मरीजों के बैठने की व्यवस्था, जांच सुविधाओं तथा अन्य आधारभूत व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी सदर, श्री अमित अनुराग, गोपनीय शाखा प्रभारी श्री राजीव कुमार, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी एवं अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।
भईया जी की रिपोर्ट