नवादा : जिले के रजौली थाना क्षेत्र के फुलवरिया डैम मोड़ के समीप वन विभाग के द्वार के आसपास खड़ी एक लग्जरी कार से उत्पाद बलों ने भारी मात्रा में बियर व शराब बरामद किया है। कार्रवाई बुधवार की अहले सुबह लगभग 3:30 बजे गुप्त सूचना के आलोक में उत्पाद इंस्पेक्टर अमृत कुमार गुप्ता के नेतृत्व में की गई है। साथ ही चार शराब तस्करों को नामजद करते हुए प्राथमिकी दर्ज कर अग्रतर कार्रवाई की जा रही है। उत्पाद बलों द्वारा जांच चौकी पर नकेल कसे जाने के बाद तस्कर जंगली रास्तों का उपयोग कर झारखंड से बिहार के रजौली समेत अन्य क्षेत्रों में शराब परिवहन करने लगे हैं। क्षेत्र में पड़ रही भीषण गर्मी में शराब तस्कर विदेशी शराब से ज्यादा बियर के परिवहन में जुटे दिखाई दे रहे हैं।
स्विफ्ट कार से भारी मात्रा में बरामदगी
उत्पाद अधीक्षक अरुण कुमार मिश्र ने बताया कि बिहार मद्यनिषेध को लेकर बिहार-झारखंड सीमावर्ती क्षेत्र चितरकोली स्थित समेकित जांच चौकी पर उत्पाद बलों के सहयोग से झारखंड की ओर से आनेवाली प्रत्येक वाहनों की सघन जांच की जाती है। बुधवार की अहले सुबह गुप्त सूचना मिली कि शराब की बड़ी खेप जंगली रास्तों से होकर जाने वाली है। सूचना के आलोक में फुलवरिया डैम मोड़ के समीप उत्पाद बलों ने एक कार को संदिग्ध अवस्था में पाया। स्विफ्ट कार संख्या बीआर01बीए1102 की जांच करने पर प्लास्टिक के बोरे एवं कार्टून में बंद बियर के केन और विदेशी शराब मिले। जब्त खेप में 750 एमएल वाले रॉयल स्टैग के 36 बोतल एवं मैजिक मोमेंट्स के 24 बोतल के अलावे 500 एमएल वाले किंगफिशर बियर के 264 केन शामिल हैं।
चार नामजद तस्करों पर प्राथमिकी दर्ज
जब्त बियर, शराब व कार के साथ चार शराब तस्करों चितरकोली गांव निवासी मिथलेश यादव के पुत्र विकास कुमार, सविंद्र यादव के पुत्र अवधेश कुमार व मिथलेश यादव के पुत्र कौशल कुमार एवं सिरदला थाना क्षेत्र के अरविंद यादव के पुत्र सन्नी कुमार के अलावे एक वाहन चालक के विरुद्ध बिहार उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। उत्पाद अधीक्षक ने बताया कि उत्पाद बल फरार तस्करों की गिरफ्तारी को लेकर अग्रेतर कार्रवाई में जुटी है। मौके पर उत्पाद एएसआई मो. साबिर एवं एएसआई नागो लकड़ा के अलावे गृहरक्षक के जवान मुख्य रूप से मौजूद रहे। उत्पाद बलों द्वारा लगातार की जा रही कार्रवाई से शराब माफियाओं में खौफ व्याप्त है।
भईया जी की रिपोर्ट