नवादा : जिले में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं और हत्या, दुष्कर्म, चोरी व दहेज हत्या जैसी आपराधिक घटनाओं का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। इसी बीच पकरीबरावां थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां धेवधा-राजेबिगहा पाइन कच्ची सड़क के समीप एक युवक का शव बरामद हुआ है। शुरुआत में शव की पहचान नहीं हो सकी थी, लेकिन पुलिस की तत्परता से अब मृतक की शिनाख्त हो चुकी है। घटना के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया है और उन्होंने हत्या की आशंका जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी और थाना प्रभारी खुद मौके पर कैंप कर रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, पकरीबरावां थाना क्षेत्र के धेवधा-राजेबिगहा कच्ची सड़क किनारे पाइन के पास स्थानीय लोगों ने एक युवक का शव देखा। शव के पास ही उसकी साइकिल पड़ी थी और जेब में एक रुमाल था। हैरान करने वाली बात यह थी कि पहली नजर में युवक के शरीर के किसी भी हिस्से पर चोट के कोई बाहरी निशान दिखाई नहीं दे रहे थे। युवक के पहनावे से वह किसी संभ्रांत परिवार का सदस्य प्रतीत हो रहा था। घटना की सूचना मिलते ही पकरीबरावां थानाध्यक्ष रंजीत कुमार चौधरी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को अपने कब्जे में ले लिया।
शुरुआत में अज्ञात रहे इस शव की पहचान के लिए पुलिस ने सघन प्रयास शुरू किए। शव के पास से बरामद मोबाइल और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आखिरकार युवक की शिनाख्त हो सकी। मृतक की पहचान पकरीबरावां स्थित ‘पूजा ज्वेलर्स’ दुकान के स्टाफ के रूप में की गई है। शिनाख्त होते ही पुलिस ने घटना की जानकारी तुरंत मृतक के परिजनों को दी। अस्पताल पहुंचे परिजनों ने युवक की मौत को सामान्य मानने से इनकार कर दिया है। परिजनों का स्पष्ट आरोप है कि युवक की सोची-समझी साजिश के तहत हत्या की गई है और साक्ष्य छुपाने के उद्देश्य से शव को पाइन के किनारे फेंक दिया गया।
घटना के बाद इलाके में तनाव और सनसनी के माहौल को देखते हुए पकरीबरावां SDPO और थानाध्यक्ष ने भारी पुलिस बल के साथ लगातार क्षेत्र में कैंप कर रहे हैं। पुलिस हर संभावित कोण से मामले की तफ्तीश में जुट गई है। थानाध्यक्ष रंजीत कुमार चौधरी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए नवादा सदर अस्पताल भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का पूरी तरह से खुलासा हो सकेगा। पुलिस परिजनों के बयानों और मोबाइल कॉल डिटेल्स (CDR) को खंगाल रही है। अधिकारियों ने दावा किया है कि जल्द ही इस मिस्ट्री का पर्दाफाश कर लिया जाएगा।
भईया जी की रिपोर्ट