नवादा : जिले के अकबरपुर प्रखंड मुख्यालय साधो लाल आर्य कन्या इंटर विद्यालय, बलिया बुजुर्ग पंचायत में मनरेगा योजना के अंतर्गत लगभग ₹8.18 लाख की लागत से निर्मित खेल मैदान पहली ही बारिश में पानी से भर गया। मैदान के चारों ओर जलजमाव होने से निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। खिलाड़ियों ल विद्यार्थियों का आरोप है कि मैदान का समुचित समतलीकरण नहीं किया गया तथा जलनिकासी की व्यवस्था पर्याप्त नहीं है। परिणामस्वरूप हल्की बारिश में ही मैदान तालाब जैसी स्थिति में बदल गया।
खेल गतिविधियाँ हो रही प्रभावित
खिलाड़ियों के अभ्यास और प्रतियोगिता की तैयारी में बाधा उत्पन्न हो रही है। बाजावासियों ने निर्माण कार्य में अनियमितता की आशंका जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। इस बावत बीडीओ राधा रमण मुरारी ने मामले की जांच कराने तथा रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है। जनता का सवाल है की क्या निर्माण कार्य में गुणवत्ता मानकों का पालन किया गया ? क्या जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई होगी?
भईया जी की रिपोर्ट