नवादा : जिले के नवादा-पकरीबरावां पथ पर पकरीबरावां थाना क्षेत्र के मेघीपुर गांव के समीप सड़क दुर्घटना में चार लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए। घटना को लेकर बताया जा रहा है कि एरूरी गांव के दो युवक एक बाईक से बियर की डिलीवरी करने नवादा की दिशा में जा रहे थे, तभी विपरीत दिशा से आ रही एक मोटरसाइकिल में सीधा टक्कर मार दिया, जिससे दूसरे मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक शराब की डिलीवरी करने जा रहे युवक तेज रफ्तार में वाहन को चलाते हुए जा रहे थे तभी सामने की दिशा से आ रहे मोटरसाइकिल में टक्कर मार दिया। इसके बाद उसके पास में रहे बियर सड़क पर बिखर गया तभी आस पास के लोगों ने बियर की बोतल को लूट लिया और मामले की सूचना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम घटनास्थल पर पहुंची और पंचायत समिति सदस्य के पति सह लोक जन शक्ति पार्टी के मंटू सिंह के सहयोग से घायलों को उठाकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पकरीबरावां लाया। घायलों की पहचान एरूरी गांव के महेंद्र यादव के पुत्र जय करण कुमार एवं राजेश यादव के पुत्र राजू कुमार , मड़हल के श्री कांत चौहान के पुत्र नीतीश कुमार एवं चिड़िहारी के पूना चौहान के पुत्र बीरू चौहान के रूप में की गई है।
इसकी पुष्टि डायल 112 में ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों ने करते हुए कहा कि घायल दो युवक वियर लेकर तेज रफ्तार में वाहन चलाते हुए जा रहे थे तभी यह दुर्घटना घटी है। पकरीबरावां पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर लिया है। महेंद्र यादव के पुत्र जय करण कुमार एवं राजेश यादव के पुत्र राजू कुमार को चिंताजनक स्थिति में सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया है।समाचार प्रेषण तक दोनों घायलों की स्थिति नाजुक बनी हुई है।
भईया जी की रिपोर्ट