– 7000 पर्यटक पहुंचे ककोलत स्नान का लुत्फ उठाने
नवादा : जिले के कश्मीर कहे जाने ऐतिहासिक शीतल जलप्रपात ककोलत आने वाले पर्यटकों के प्रवेश व वाहन पार्किंग शुल्क में की गयी अप्रत्याशित वृद्धि का असर दिखने लगा है। आने वाले पर्यटकों की संख्या घटकर आधी से भी कम हो गयी है। भविष्य में इसमें और कमी आने की संभावना व्यक्त की जा रही है।जिला पदाधिकारी श्री रवि प्रकाश, पुलिस अधीक्षक श्री अभिनव धीमान एवं वन प्रमंडल पदाधिकारी श्री श्रेष्ठ कृष्णा द्वारा संयुक्त रूप से गोविंदपुर प्रखंड अंतर्गत प्रसिद्ध पर्यटन स्थल ककोलत जलप्रपात का निरीक्षण दिनांक 20/05/2026 को किया गया था।
निरीक्षण के दौरान पर्यटकों की अत्यधिक भीड़, पार्किंग व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंधन, साफ-सफाई, पेयजल, शौचालय, यातायात नियंत्रण एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं की समीक्षा की गई थी। निरीक्षण उपरांत भीड़ प्रबंधन, पर्यटकों की सुविधा, सुरक्षा व्यवस्था एवं पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए ककोलत जलप्रपात में प्रवेश शुल्क एवं पार्किंग शुल्क की संशोधित दरें दिनांक 21.05.2026 से लागू की गई हैं।
संशोधित शुल्क लागू होने के उपरांत ककोलत जलप्रपात के प्रति पर्यटकों में उत्साह बना रहा। नये आदेश लागू होने के पहले दिन 21 मई 2026 को टिकट काउंटर बंद होने तक 6900 टिकटों की बिक्री दर्ज की गई। बच्चों सहित लगभग 7000 पर्यटक ककोलत जलप्रपात पहुंचे। ककोलत जलप्रपात क्षेत्र में व्यवस्था सामान्य एवं सुव्यवस्थित बनाए रखने के उद्देश्य से प्रतिदिन अधिकतम 8000 पर्यटकों के प्रवेश की सीमा निर्धारित की गई थी।
इसके विरुद्ध पहले दिन लगभग 7000 पर्यटक स्थल पर पहुंचे, जिसके कारण भीड़ नियंत्रण, सुरक्षा प्रबंधन एवं पर्यटकों की आवाजाही की स्थिति सामान्य एवं नियंत्रित रही। लोगों को भी कुंड में स्नान करने में किसी कठिनाई का सामना नहीं करना पड़ा। प्रशासन द्वारा स्थल पर सुरक्षा एवं सुव्यवस्थित संचालन सुनिश्चित करने हेतु विशेष प्रबंध किए गए हैं। कुंड क्षेत्र में सीमित संख्या में ही पर्यटकों को प्रवेश की अनुमति दी जा रही है तथा भीड़ नियंत्रण के उद्देश्य से पर्यटकों के ठहराव की अवधि निर्धारित की गई है।
भईया जी की रिपोर्ट