नवादा : जिले की उत्पाद विभाग की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए शराब तस्करी के एक बड़े प्रयास को विफल कर दिया। मामला उस समय रोमांचक हो गया जब उत्पाद टीम ने नगर के सद्भावना चौक से एक संदिग्ध टाटा इंडिगो कार का पीछा शुरू किया। टीम को पीछा करते देख चालक घबरा गया और चौधरी नगर दांगी टोला के पास कार खड़ी कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए मौके से फरार हो गया।
शक के आधार पर किया पीछा
उत्पाद टीम ने चालक को भागते हुए देखा, लेकिन वह काफी दूर निकल चुका था। इसके बाद अधिकारियों ने संदिग्ध कार की तलाशी शुरू की। गाड़ी लॉक होने के कारण टीम ने शीशा खोलकर अंदर से दरवाजा खोला। जांच के दौरान कार की डिक्की में गॉडफादर लीजेंडरी सुप्रीम स्ट्रांग केन बीयर 500 एमएल के कुल 96 बोतल बरामद किए गए। शराब को कार्टून और बोरे में रखकर गाड़ी के कवर से पूरी तरह छिपाया गया था, ताकि किसी को शक न हो।
प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस मामले की जांच में जुटी
बरामद शराब की कुल मात्रा 48 लीटर बताई गई है। इस मामले में अज्ञात वाहन स्वामी एवं अज्ञात चालक सह तस्कर के विरुद्ध उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। विभाग अब वाहन स्वामी की पहचान कर यह पता लगाने में जुटा है कि घटना के समय कार कौन चला रहा था। छापेमारी अभियान का नेतृत्व न्यूटन अवर निरीक्षक, मद्य निषेध ने किया। टीम में सुमन भारती, मोहम्मद इरफान अंसारी एवं सागर कुमार शामिल रहे।
भईया जी की रिपोर्ट