नवादा : जिले के गोविंदपुर प्रखंड थाली थाना क्षेत्र के ककोलत से सटे अमझर जलप्रपात के गहरे तालाब में नहाने के क्रम में डूबने से युवक मौत हो गयी? मृतक की पहचान जिले के वारिसलीगंज प्रखंड क्षेत्र के बेल्धा गांव निवासी धर्मराज उर्फ विशु कुमार के रूप में की गयी है।संदिग्ध मौत से परिजनों में शोक का माहौल है। बताया जा रहा है कि धर्मराज आइआइटी रुड़की में पढ़ाई कर रहा था और हाल ही में घर वापस आया था।
परिजनों के अनुसार उसे नवादा आवास से मंगलवार को बहला-फुसलाकर ककोलत जलप्रपात ले जाया गया था। चूंकि मंगलवार को ककोलत जलप्रपात बंद रहता है फलत: बगल के प्रतिबंधित अमझर जलप्रपात ले जाया गया जहां उसकी डूबने से मौत हो गई। सूचना के आलोक में पहुंची पुलिस व वन विभाग के कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद चौबीस घंटे बाद शव बरामद किया। शव बरामद कर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया।
इस घटना को लेकर गांव में आक्रोश देखा जा रहा है। लोगों के बीच ऐसी आशंका जताई जा रही है कि यह एक सुनियोजित हत्या हो सकती है। मामले में रजौली प्रखंड क्षेत्र के अंधरवारी गांव के अनंत कुमार व नेमदारगंज थाना क्षेत्र के महानन्दपुर गांव के अमित राज का नाम सामने आ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि दोनों युवकों पर धर्मराज को ले जाकर हत्या का शक है। वैसे पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है। फिलहाल आधिकारिक पुष्टि नहीं की गयी है। स्थानीय लोगों ने निष्पक्ष जांच और दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।
भईया जी की रिपोर्ट