नवादा : जिले में अनियंत्रित ट्रैक्टर चालकों के कारण मौत का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। हालात यह है कि शायद ही कोई ऐसा दिन व्यतीत होता है जिस दिन मौत न होती हो।ताज़ा मामला नगर के शोभनाथ मंदिर के समीप की है। अनियंत्रित ट्रैक्टर की चपेट में आने से बाइक सवार डाटा ऑपरेटर की मौत हो गई। मौत के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक की पहचान रूपौ थाना क्षेत्र के जैला गांव निवासी विजय दास का पुत्र पप्पू कुमार के रूप में की गई।
बताया जा रहा है कि युवक बाइक से ड्यूटी में हिसुआ ब्लॉक जा रहा था, तभी शोभनाथ मंदिर के समीप तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी जिससे वे गंभीर रूप से जख्मी हो गये। स्थानीय लोगों के सहयोग से इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए पावापुरी रेफर कर दिया गया। पावापुरी ले जाने के क्रम में रास्ते में मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। दूसरी घटना वारिसलीगंज के मंजौर गांव के समीप साईकिल से घर लौट रही स्कूली छात्रा को रौंदने से उसकी मौके पर मौत हो गयी जबकि एक अन्य जख़्मी हो गया।
भईया जी की रिपोर्ट