नवादा : जिले के हिसुआ थाना क्षेत्र के लटावर गांव स्थित ढाढर नदी से अवैध बालू निकासी का विरोध करना एक ग्रामीण परिवार को भारी पड़ गया। अवैध बालू निकासी रोकने पहुंचे ग्रामीण सुरेंद्र कुमार विद्यार्थी के पुत्र टिंकू कुमार के साथ मारपीट और जानलेवा हमले की घटना को अंजाम दिया गया। बताया जाता है कि नदी से सटे उनके घर के पीछे से ट्रैक्टर के माध्यम से अवैध बालू की निकासी की जा रही थी।
टिंकू कुमार ने इसका विरोध किया, तो आरोपियों ने उनके साथ गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों से मारपीट की। इस दौरान उनके साथ जानलेवा हमला करने और गले में गमछा डालकर नदी में खींचने का आरोप है। इस बीच उनके पुत्र पर भी हमला किया गया और बेरहमी से मारपीट की गयी। इस घटना में पिता-पुत्र दोनों गंभीर रूप से जख्मी हो गये। शोरगुल सुनकर ग्रामीणों की भीड़ जुटने पर सभी आरोपी ट्रैक्टर लेकर मौके से फरार हो गये।
इस मामले में टिंकू कुमार ने थाना में प्राथमिकी दर्ज करायी है। उन्होंने लटावर गांव के ही विक्रम कुमार, सौरभ कुमार, गुड्डू कुमार और कुंदन कुमार पर अवैध बालू निकासी और हमले का आरोप लगाया है। इस बाबत थानाध्यक्ष मृत्युंजय ने बताया कि केस दर्ज कर लिया गया है। मामले की आगे की जांच एवं कार्रवाई आरंभ कर दी गयी है। इस दौरान थानाध्यक्ष मृत्युंजय कुमार ने त्वरित कार्रवाई कर अवैध खनन कर रहे दो ट्रैक्टरों को जब्त कर अग्रेतर कार्रवाई आरंभ कर दी है।
भईया जी की रिपोर्ट