नवादा : जिले के रजौली अनुमंडल कार्यालय सभागार में मेसकौर प्रखंड प्रमुख पद के लिए चुनाव कराया गया, जिसमें प्रभावती देवी को नया प्रखंड प्रमुख चुना गया। यह चुनाव पूर्व प्रमुख संतोष कुमार के खिलाफ पारित अविश्वास प्रस्ताव के आलोक में कराया गया। चुनाव प्रक्रिया एडीएम सह पर्यवेक्षक शंभू शरण पांडेय एवं एसडीओ स्वतंत्र कुमार सुमन की निगरानी में शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई।
14 पंचायत समिति सदस्यों में से 10 सदस्यों ने प्रभावती देवी के पक्ष में मतदान किया। बीडीओ अश्विनी कुमार ने बताया कि राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार पूरी प्रक्रिया पारदर्शी ढंग से पूरी कराई गई। गौरतलब है कि 19 अप्रैल 2026 को मेसकौर प्रखंड सभागार में संतोष कुमार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पारित हुआ था। चुनाव परिणाम घोषित होते ही समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों ने प्रभावती देवी एवं उनके प्रतिनिधि मुकेश यादव को फूल-मालाओं से लाद दिया और जमकर नारेबाजी की।
भईया जी की रिपोर्ट