नवादा : जिले के पकरीबरावां थाना क्षेत्र के पीलपड़वा गांव में विवाहिता की संदिग्ध मौत ने इलाके में सनसनी फैला दी। मृतका की पहचान 30 वर्षीय गुड़िया देवी के रूप में हुई है, जो पंकज मिस्त्री की पत्नी थी। घटना के बाद ससुराल पक्ष के लोग घर छोड़कर फरार बताए जा रहे हैं।
पुत्र पैदा नहीं होने से ससुराल वाले थे नाराज
मृतका के मायके कादिरगंज थाना क्षेत्र के हरला गांव में कोहराम मचा हुआ है। मृतका के पिता शीतल मिस्त्री और भाई मुन्ना कुमार ने ससुराल वालों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। परिजनों का कहना है कि गुड़िया देवी की शादी करीब 10 वर्ष पहले पंकज मिस्त्री से हुई थी। शादी के बाद सबकुछ सामान्य था, लेकिन पहली संतान बेटी होने के बाद विवाद शुरू हो गया। इसके बाद लगातार तीन बेटियां होने पर पति और ससुराल वाले उसे प्रताड़ित करने लगे।
हत्या को आत्महत्या का रुप देने की साजिश
मृतका के भाई मुन्ना कुमार ने बताया कि पंकज मिस्त्री शराब के नशे में अक्सर मारपीट करता था और बेटा नहीं होने की बात को लेकर बहन को ताना देता था। आरोप है कि इसी विवाद में पहले गुड़िया देवी की गला दबाकर हत्या कर दी गई, फिर घटना को आत्महत्या दिखाने के लिए गले में रस्सी बांधकर शव को पंखे से लटका दिया गया।
जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। घटना के बाद से ससुराल पक्ष के फरार होने से हत्या की आशंका और गहरा गई है।
भईया जी की रिपोर्ट