नवादा : जिले की बिहार-झारखंड सीमा पर गोविंदपुर थाना गेट के समीप थानाध्यक्ष विजय कुमार के नेतृत्व में चलाये जा रहे सघन वाहन जांच अभियान के दौरान पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी। जांच के क्रम में दो बाइकों से विदेशी शराब की खेप लेकर जा रहे तीन धंधेबाजों को गिरफ्तार कर लिया गया। थानाध्यक्ष विजय कुमार ने बताया कि वाहन जांच अभियान में शामिल एसआइ विश्वनाथ राम व एएसआइ राजेश कुमार ने दो बाइकों को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान बाइक संख्या बीआर 27 टी 8411 से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की गयी। इस पर सवार दो धंधेबाजों को गिरफ्तार किया गया।
बरामद शराब में 750 एमएल की 12 बोतल आरएस, 500 एमएल की 12 कैन बीयर तथा 180 एमएल की बकार्डी शराब शामिल है। जब्त शराब की कुल मात्रा लगभग 16 लीटर बतायी जा रही है। पुलिस ने मौके से शराब समेत मोटरसाइकिल को जब्त कर लिया। गिरफ्तार व्यक्तियों की पहचान वारसलीगंज थाना क्षेत्र के जियापुर निवासी संजय कुमार के 26 वर्षीय पुत्र आलोक कुमार व नेमदारगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत भारोपुर निवासी रामेश्वर चौहान के 22 वर्षीय पुत्र लालू कुमार के रूप में हुई है।
दूसरी बाइक से 750 एमएल की नौ बोतल विदेशी शराब बरामद की गयी। इस मामले में नगर थाना क्षेत्र के राजेंद्र नगर निवासी संजय साह के 23 वर्षीय पुत्र राहुल कुमार को गिरफ्तार किया गया। पुलिस गिरफ्तार धंधेबाजों से पूछताछ कर रही है, ताकि शराब तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी प्राप्त की जा सके। इस बाबत थानाध्यक्ष ने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों के विरुद्ध बिहार उत्पाद व मद्य निषेध अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
भईया जी की रिपोर्ट