नवादा : जिले के जमुई राजकीय पथ संख्या-8 पर शनिवार दोपहर भीषण हादसे में अधेड़ की मौत हो गई। पकरीबरावां थाना क्षेत्र के रोहुआ गांव के समीप अचानक एक विशाल पीपल का पेड़ गिर गया, जिसकी चपेट में आने से 60 वर्षीय व्यक्ति की मौके पर मौत हो गई। हादसा बाजार से घर लौटते समय हुआ।
मृतक की पहचान रोहुआ गांव निवासी स्वर्गीय शौखी सिंह के पुत्र गंगा सिंह के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, गंगा सिंह पकरीबरावां बाजार से अपना काम निपटाकर पैदल घर लौट रहे थे। जैसे ही वह गांव के समीप पहुंचे, सड़क किनारे स्थित पुराना पीपल का पेड़ अचानक भरभरा कर उनके ऊपर गिर गया। पेड़ का वजन इतना अधिक था कि उन्हें संभलने का मौका तक नहीं मिला और घटनास्थल पर ही उन्होंने दम तोड़ दिया।
सड़क जाम और यातायात ठप
पेड़ गिरने और हादसे की खबर आग की तरह पूरे इलाके में फैल गई। आक्रोशित ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर नवादा-जमुई मुख्य मार्ग को जाम कर दिया जिससे सड़क के दोनों तरफ गाड़ियों की लम्बी कतारें लग गई और आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया।
प्रशासनिक पहल और मुआवजे की मांग
घटना की सूचना मिलते ही पकरीबरावां थाना पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने आक्रोशित ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत कराया और उचित सरकारी सहायता दिलाने का आश्वासन दिया।
भईया जी की रिपोर्ट