नवादा : जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के पथरा इंग्लिश स्थित गोनी पहाड़ी के पास तालाब में 14 साल के किशोर वंशराज का शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान गोनावां मोती बीघा निवासी संतोष कुमार सिंह के पुत्र वंशराज के रूप में हुई है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में मातम और सन्नाटा पसरा हुआ है।
क्या है मामला
बताया जाता है कि वंशराज शुक्रवार से अचानक लापता था। परिजन और ग्रामीण लगातार उसकी खोजबीन कर रहे थे, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिल पा रहा था। इसी दौरान शनिवार को सूचना मिली कि गोनी पहाड़ी स्थित तालाब में एक किशोर का शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे।
शव की पहचान वंशराज के रूप में होते ही परिवार में कोहराम मच गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल की बारीकी से जांच की। मुफस्सिल थाना की पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। प्रारंभिक स्थिति को देखकर परिजन हत्या की आशंका जता रहे हैं।
आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने गोनावां स्थित काली मंदिर के पास सड़क पर टायर जलाकर सड़क जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए दोषियों की अविलंब गिरफ्तारी की मांग की। सड़क जाम के कारण कुछ देर तक यातायात प्रभावित रहा। मौके पर पहुंची पुलिस लोगों को शांत कराने में जुटी रही। अधिकारियों ने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया।. घटना के बाद पूरे इलाके में भय और तनाव का माहौल बना हुआ है
भईया जी की रिपोर्ट