नवादा : जिले के अकबरपुर प्रखंड क्षेत्र के बुधुआ पंचायत तेलबद्रो गांव में भूमि विवाद में किसान की नृशंस हत्या का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान 57 वर्षीय मथुरा यादव (पिता- अमित यादव) के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, मथुरा यादव पर चार-पांच अज्ञात हमलावरों ने उस वक्त जानलेवा हमला किया, जब वे अपने खेत की ओर गये हुए थे। वारदात के बाद से गांव में दहशत का माहौल है।
सिर पर वार, फिर दिया करंट
परिजनों ने पुलिस को बताया कि हमलावरों ने मथुरा यादव को खेत के पास घेर लिया और उनके सिर पर किसी भारी हथियार से जोरदार प्रहार किया। हमले में उनका सर बुरी तरह फट गया। इसके बाद हमलावरों ने क्रूरता की हदें पार करते हुए, खेत में लगे पानी के मोटर के तार से उन्हें करेंट लगा दिया, जिससे मौके पर उनकी मौत हो गयी। परिजन उन्हें ढूंढते हुए घटनास्थल पर पहुंचे, तो खून से लथपथ शव देखकर सन्न रह गये।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत गांव पहुंची और जांच में जुट गयी। परिजनों ने पुलिस के समक्ष आशंका जतायी है कि मथुरा यादव का कुछ लोगों के साथ पुराना भूमि विवाद चल रहा था और उसी रंजिश में इस हत्याकांड को अंजाम दिया गया है। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना करने के बाद शव को अपने कब्जे में ले पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, भेज दिया।
भईया जी की रिपोर्ट