नवादा : 09 मई को होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत की सफलता सुनिश्चित करने के लिए थाना प्रभारियों के साथ समीक्षा बैठकें की गईं। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश और जिला विधिक सेवा प्राधिकार के अध्यक्ष आशुतोष कुमार झा ने थाना प्रभारियों को लंबित सुलहनीय मामलों, जैसे बैंक ऋण, बिजली, और फौजदारी वादों के पक्षकारों को नोटिस शत-प्रतिशत तामिला करने के सख्त निर्देश दिए हैं।
सभी थानाध्यक्षों को निर्देश दिया गया है कि वे जारी किए गए नोटिसों को समय पर पहुंचाएं और उसकी तामिला रिपोर्ट जल्द से जल्द प्राधिकार कार्यालय में जमा करें। लोक अदालत में अधिक से अधिक मामलों को आपसी सुलह के आधार पर निबटाने के लिए संबंधित पक्षकारों को जागरूक करने की जिम्मेदारी पुलिस को सौंपी गई है।
न्यायालयों का बोझ कम करने और आम लोगों को त्वरित व सुलभ न्याय दिलाने के लिए सुलह योग्य मामलों के निपटारे पर विशेष जोर है। पुलिस से ग्रामीण स्तर पर भी लोगों को लोक अदालत के माध्यम से विवाद सुलझाने के लिए प्रेरित करने को कहा गया है। जिन थानों में नोटिस तामिला की गति कम है, उन्हें हिदायत देते हुए शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करने को कहा गया।
भईया जी की रिपोर्ट