नवादा : जिले के सिरदला प्रखंड क्षेत्र के छोमुहां गांव में देर रात शादी की खुशियां उस वक्त हंगामे में बदल गयीं, जब जयमाला के दौरान छेड़खानी को लेकर बाराती और स्थानीय ग्रामीण आपस में भिड़ गये। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ा कि दोनों ओर से लाठी-डंडे और लोहे के रॉड चलने लगे। हिंसक झड़प में सात लोग घायल हो गये, जिनमें से तीन की स्थिति गंभीर बनी हुई है।
जानकारी के अनुसार, गया जिले के मानपुर से बारात छोमुहां निवासी महेंद्र साव के घर आयी थी। रात करीब 12:30 बजे जब जयमाला की रस्म चल रही थी, तभी गांव के कुछ मनचलों द्वारा छेड़खानी किये जाने का आरोप लगा। इसी बात को लेकर शुरू हुई कहासुनी ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। घटना में मानपुर निवासी जितेंद्र साव, सिंटू कुमार और महेंद्र साव जख्मी हुए, जबकि गांव की सोनम देवी, नरेश प्रसाद, निक्की और नीरज कुमार घायल हो गये।
पुलिस ने संभाला मोर्चा, तीन रेफर
सूचना मिलते ही डायल 112 और सिरदला थाने की गश्ती टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। सभी घायलों को इलाज के लिए पीएचसी सिरदला ले जाया गया, जहां डॉ. सुरेंद्र मिश्रा ने प्राथमिक उपचार के बाद तीन गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर कर दिया।
इस बावत थानाध्यक्ष सुरेंद्र कुमार ने बताया कि आवेदन प्राप्त हुआ है, दोषियों के खिलाफ जांच की जा रही है। घटना के बाद बुधवार की सुबह पुलिस की कड़ी निगरानी में शादी की शेष रस्में शांतिपूर्वक संपन्न करायी गयीं और दुल्हन की सकुशल विदाई की गयी।
भईया जी की रिपोर्ट