– रांची से बिहारशरीफ जा रही थी चंडी की रहने वाली महिला
नवादा : नगर थाना क्षेत्र के एनएच-20 स्थित हड्डी गोदाम के समीप दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। शादी समारोह में शामिल होने जा रही वृद्ध महिला की मौके पर मौत हो गयी। तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की चपेट में आने से महिला ने घटनास्थल पर दम तोड़ दिया। मृतका की पहचान नालंदा जिले के चंडी थाना क्षेत्र अंतर्गत भेड़िया गांव निवासी देवेंद्र सिंह की 60 वर्षीया पत्नी सुजान देवी के रूप में की गयी है।
जानकारी के अनुसार, सुजान देवी रांची से पावापुरी बस पर सवार होकर बिहारशरीफ पारिवारिक शादी समारोह में शामिल होने जा रही थीं। बताया जाता है कि नवादा में बस के रुकने पर सुजान देवी शौचालय जाने के लिए नीचे उतरी , इसी दौरान रजौली की ओर से आ रहे एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि महिला की तत्काल मौत हो गयी।
घटना के बाद चालक वाहन लेकर फरार होने में सफल रहा। सूचना के आलोक में पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।
हादसे के बाद सड़क पर अफरा-तफरी मच गयी। स्थानीय लोगों की सूचना पर नगर थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। पुलिस ने कागजी प्रक्रिया पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया, जहां से बाद में शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज के जरिये अज्ञात वाहन की पहचान करने में जुटी है। हादसे के बाद मृतका के परिवार में खुशियां मातम में बदल गयीं।
भईया जी की रिपोर्ट