पश्चिम चंपारण : बिहार में शराबबंदी को धता बताने के लिए तस्कर नए-नए और हैरान करने वाले तरीके अपना रहे हैं। ताजा मामला नौतन थाना क्षेत्र का है, जहाँ एक तस्कर ने पुलिस को चकमा देने के लिए घोड़े को अपना ‘ट्रांसपोर्ट पार्टनर’ बना लिया। पुलिस अधीक्षक डॉ. शौर्य सुमन के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत नौतन पुलिस ने बन्हौरा रोड पर नाकेबंदी कर एक लाल-सफेद रंग का घोड़ा को रोककर तलाशी ली, तो उसकी पीठ पर लदी भारी मात्रा में विदेशी शराब देखकर अधिकारी भी दंग रह गए।
जांच के दौरान पुलिस ने घोड़े की पीठ से 21.780 लीटर विदेशी शराब बरामद की। मौके से पुलिस ने तस्करी के इस अनोखे नेटवर्क के संचालक बन्हौरा निवासी रवि कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में यह बात सामने आई है कि तस्कर घोड़े का इस्तेमाल कर उत्तर प्रदेश से गंडक नदी के रास्ते शराब की खेप बिहार ला रहा था। दुर्गम रास्तों और नदी क्षेत्रों में घोड़े की रफ़्तार और उसकी सामान्य उपस्थिति का फायदा उठाकर तस्कर अब तक पुलिस की नजरों से बचने की कोशिश कर रहे थे।
नौतन थाना में मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपी से पूछताछ की जा रही है ताकि इस गिरोह के अन्य सदस्यों का पता लगाया जा सके। इस अनोखी तस्करी की खबर जंगल में आग की तरह फैल गई है। स्थानीय लोग इस घटना पर चुटकी लेते हुए कह रहे हैं कि तस्करों ने अब बेजुबान जानवरों को भी अपराध के दलदल में धकेल दिया है। फिलहाल, गिरफ्तार तस्कर को न्यायिक हिरासत में भेजने की तैयारी की जा रही है।