नवादा : जिले के नवादा, हिसुआ नगर परिषद के बाद अब वारिसलीगंज नगर परिषद क्षेत्र पूरी तरह तकनीक की निगरानी में आ चुका है। शहर की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में सराहनीय पहल करते हुए नगर परिषद द्वारा 40 महत्वपूर्ण स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे स्थापित किए गए हैं। इसके साथ ही स्थानीय थाना में एक आधुनिक कंट्रोल रूम बनाया गया है, जहां से इन कैमरों के जरिए शहर की हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है। नई व्यवस्था के लागू होने से बाजार, चौक-चौराहे, मुख्य सड़कों और भीड़-भाड़ वाले इलाकों में अब हर गतिविधि रिकॉर्ड हो रही है। इससे जहां एक ओर असामाजिक तत्वों में भय का माहौल बना है, वहीं आम लोगों में सुरक्षा का भरोसा भी बढ़ा है।
थाना परिसर में स्थापित कंट्रोल रूम में पुलिसकर्मी 24 घंटे निगरानी कर रहे हैं। इसकी कमान थानाध्यक्ष के पास है किसी भी संदिग्ध गतिविधि या घटना की जानकारी तुरंत मिल जाती है, जिससे पुलिस त्वरित कार्रवाई करने में सक्षम हो रही है। इससे चोरी, छिनतई, सड़क हादसे और अन्य आपराधिक घटनाओं पर काफी हद तक अंकुश लगने की उम्मीद जताई जा रही है।नगर परिषद के इस कदम की स्थानीय लोगों ने सराहना की है।
लोगों का कहना है कि यह पहल न सिर्फ अपराध नियंत्रण में मददगार साबित होगी, बल्कि शहर को स्मार्ट और सुरक्षित बनाने की दिशा में भी एक बड़ा कदम है। प्रशासन का मानना है कि आने वाले समय में और भी स्थानों पर कैमरे लगाए जाएंगे, जिससे पूरे नगर क्षेत्र को पूर्ण रूप से निगरानी में लाया जा सके। यह पहल निश्चित रूप से एक सकारात्मक बदलाव की ओर इशारा करती है, जहां तकनीक के माध्यम से आम जनजीवन को सुरक्षित और बेहतर बनाया जा रहा है।
भईया जी की रिपोर्ट