नवादा : जिले के नगर थाना क्षेत्र के चौधरी नगर मोहल्ले में एक नर्स युवती का शव फांसी के फंदे से लटका हुआ बरामद किया गया। मृतका की पहचान अकबरपुर प्रखंड के बकसंडा गांव निवासी जितेंद्र मांझी की लगभग 23 वर्षीय पुत्री मनीषा कुमारी के रूप में की गई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की जांच शुरू कर दी है। मृतका के फूफा दूधी मांझी ने बताया कि मनीषा एक प्राइवेट नर्सिंग होम में नर्स का काम करती थी। उन्हें अचानक सूचना मिली कि मनीषा ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है।
फांसी लगाकर सुसाइड
जब परिवार के सदस्य मौके पर पहुंचे, तो मकान मालिक रंजन कुमार ने बताया कि मनीषा कुमारी शादीशुदा थी और उसके गले में मंगलसूत्र भी था। मकान मालिक के खुलासे के बाद परिवार को यह जानकर हैरानी हुई कि मनीषा धनबाद के अभिषेक पांडे नामक एक युवक के साथ पिछले छह महीने से पति-पत्नी के रूप में किराए के मकान में रह रही थी। मनीषा ने अपने परिवार को बताया था कि वह चार सहेलियों के साथ रहती है और वहां पुरुषों का आना मना है।
हत्या की आशंका
दूधी मांझी ने मनीषा की हत्या की आशंका जताई है। उन्होंने बताया कि मनीषा ने दो दिन पहले ही व्हाट्सएप पर अपनी फोटो भेजी थी और परिवार उसके लिए एक अच्छा लड़का ढूंढ रहा था। फूफा का कहना है कि जिस तरह से शव फंदे से लटका मिला है और शरीर पर निशान पाए गए हैं, उससे यह आत्महत्या नहीं बल्कि हत्या प्रतीत होती है। लेकिन घटना के बाद युवक का कोई पता नहीं चला है।
जांच में जुटी पुलिस
मकान मालिक रंजन कुमार ने बताया कि दो महीने पहले भी मनीषा और अभिषेक के बीच विवाद हुआ था, जिसके बाद उन्होंने उन्हें मकान खाली करने के लिए कह दिया था। नगर थाना प्रभारी उमाशंकर सिंह ने मामले के हर बिंदु पर जांच शुरू कर दी है और परिवार द्वारा लगाए गए आरोपों की पड़ताल की जा रही है।
भईया जी की रिपोर्ट