नवादा : नगर के चौधरी नगर मोहल्ले में एक निजी अस्पताल की नर्स की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतका की पहचान जिले के अकबरपुर थाना क्षेत्र के बकसंडा गांव निवासी जितेंद्र मांझी की पुत्री मनीषा कुमारी के रूप में हुई है। घटना के बाद से ही मृतका का प्रेमी फरार बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, मनीषा नवादा के चौधरी नगर मोहल्ले में एक किराए के कमरे में अपने प्रेमी के साथ बतौर पति-पत्नी रह रही थी। बुधवार को उसका शव कमरे के अंदर फांसी के फंदे से लटका हुआ पाया गया। मकान मालिक की सूचना पर नगर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा।
मृतका के परिजनों ने इस घटना को सोची-समझी साजिश बताया है। उनका कहना है कि उन्हें इस बात की जानकारी नहीं थी कि मनीषा किसी के साथ रह रही है, वे तो उसके लिए शादी का रिश्ता तलाश रहे थे। वहीँ, परिजनों का आरोप है कि प्रेमी ने उसकी हत्या कर इसे आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को फंदे से लटका दिया और खुद फरार हो गया।
घटना के बाद से इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतका के घर में मातम छाया हुआ है। इस मामले पर थानाध्यक्ष उमाशंकर सिंह ने बताया कि पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है। फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के लिखित आवेदन का इंतजार है। आवेदन प्राप्त होते ही मामले की गहराई से जांच कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
भईया जी की रिपोर्ट