नवादा : जिले में शराब माफियाओं के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में उत्पाद विभाग की टीम को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए टीम ने नेमदारगंज थाना क्षेत्र के मस्तानगंज के समीप एक सीएनजी टेंपो से भारी मात्रा में विदेशी शराब जब्त की है। पकड़े गए सीएनजी टेंपो (BR46P5880) की जब सघन तलाशी ली गई, तो अधिकारी भी हैरान रह गए। तस्करों ने शराब छिपाने के लिए वाहन में विशेष रूप से गुप्त तहखाने बना रखे थे। इन तहखानों से कुल 16.5 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई है।
कार्रवाई के दौरान तस्कर ने चालाकी दिखाते हुए बरेब के पास उत्पाद विभाग की नाकाबंदी तोड़कर भागने का प्रयास किया। हालांकि, तेज रफ्तार के कारण संतुलन बिगड़ने से टेंपो पलट गया, जिसके बाद टीम ने तत्परता दिखाते हुए चालक सह तस्कर को मौके पर ही दबोच लिया। गिरफ्तार तस्कर की पहचान झारखंड के गिरिडीह जिला निवासी बलराम कुमार शाह के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि वह शराब की यह खेप झारखंड से लेकर आ रहा था और इसे बुधौल में ठिकाने लगाने की योजना थी।
उत्पाद विभाग ने वाहन और शराब को जब्त कर लिया है। आरोपी के खिलाफ उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर ली गई है और उसे न्यायिक हिरासत में भेजने की तैयारी की जा रही है। विभाग अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों का पता लगाने में जुटा है। मालूम हो कि शराबबंदी वाले राज्य में शराब का सेवन और व्यापार दंडनीय अपराध है। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत स्थानीय प्रशासन को दें।
भईया जी की रिपोर्ट