नवादा : जिला अल्पसंख्यक कल्याण पदाधिकारी द्वारा जानकारी दी गई है कि अल्पसंख्यक कल्याण विभाग, बिहार, पटना के द्वारा जिले के भदौनी, रसूल नगर में अल्पसंख्यक बालक छात्रावास का संचालन किया जा रहा है। उक्त छात्रावास की कुल आवासन क्षमता 60 (साठ) निर्धारित है। उन्होंने बताया कि अल्पसंख्यक समुदाय के छात्रों को आधुनिक एवं गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला अंतर्गत मान्यता प्राप्त उच्च विद्यालय, महाविद्यालय, विश्वविद्यालय एवं अन्य तकनीकी संस्थानों में अध्ययनरत छात्रों से सत्र 2026-27 हेतु छात्रावास में नामांकन के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए जा रहे हैं। इच्छुक छात्र अधिकारिक पोर्टल https://ekalyan.bihar.gov.in/ पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
छात्रावास में आवासित छात्रों को विभिन्न सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं, जिनका विवरण निम्नवत है
1. मुख्यमंत्री अल्पसंख्यक कल्याण छात्रावास अनुदान योजना के अंतर्गत प्रत्येक छात्र को प्रति माह ₹1000/- की आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है।
2. मुख्यमंत्री अल्पसंख्यक कल्याण छात्रावास खाद्यान्न योजना के तहत प्रत्येक छात्र को प्रति माह 9 किलोग्राम चावल एवं 6 किलोग्राम गेहूं उपलब्ध कराया जाता है।
3. छात्रावास में आधुनिक स्मार्ट क्लास की सुविधा उपलब्ध है।
4. छात्रावास में वातानुकूलित (एयर कंडीशंड) लाईब्रेरी की सुविधा उपलब्ध है।
5. लाईब्रेरी में अध्ययन हेतु निःशुल्क वाई-फाई, कम्प्यूटर एवं अन्य आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
जिला अल्पसंख्यक कल्याण पदाधिकारी ने सभी पात्र एवं इच्छुक अल्पसंख्यक छात्रों से अपील की है कि वे इस अवसर का लाभ उठाते हुए समय पर ऑनलाइन आवेदन करना सुनिश्चित करें, ताकि उन्हें बेहतर आवासीय एवं शैक्षणिक सुविधाएं प्राप्त हो सकें।
भईया जी की रिपोर्ट