नवादा : जिले के वारिसलीगंज थाना क्षेत्र की मोहिउद्दीनपुर पंचायत स्थित बल्लोपुर गांव में वज्रपात की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गयी। मृतक की पहचान सरजन माहतो के पुत्र कौशल कुमार के रूप में की गयी है। जानकारी के अनुसार, प्रतिदिन की भांति कौशल कुमार सुबह गांव की सड़क पर दौड़ने गया था।
इसी दौरान तेज गर्जना के साथ उसके समीप ही वज्रपात हो गयी, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गयी। कुछ देर बाद एक ग्रामीण ने कौशल को अचेतावस्था में देख उसे उठाने का प्रयास किया, लेकिन वह मृत पड़ा था। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। परिजन आनन-फानन में उसे स्थानीय अस्पताल ले गये, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
कौशल अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र और तीन बहनों के बीच अकेला भाई था। पुत्र की असमय मृत्यु की खबर सुनते ही पिता सरजन माहतो और माता रीता देवी दहाड़ मारकर रोने लगीं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और वे रह-रहकर बेहोश हो रहे थे, जिन्हें ग्रामीणों द्वारा ढांढस बंधाया जा रहा था।
.घटना की जानकारी मिलने के बाद बीडीओ सह प्रभारी अंचलाधिकारी अमित कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। स्थिति का जायजा लेने के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। बीडीओ अमित कुमार ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतक की मां रीता देवी को पारिवारिक लाभ योजना के तहत 20 हजार रुपये का चेक प्रदान किया। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया।
भईया जी की रिपोर्ट