नवादा : जिले में स्वास्थ्य सेवाओं में निरंतर सुधार हो रहा है, जिसमें 102 आपातकालीन एम्बुलेंस सेवा अहम भूमिका निभा रहा है। सेवा का संचालन राज्य सरकार के सहयोग से ज़ेन प्लस सर्विसेज द्वारा किया जा रहा है। आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं के क्षेत्र में अग्रणी ज़ेन प्लस सर्विसेज ने नवंबर 2024 में संचालन संभालने के बाद राज्य में एम्बुलेंस सेवाओं में उल्लेखनीय सुधार किया है। कंपनी के प्रयासों से सेवाओं की गुणवत्ता और पहुंच में स्पष्ट रूप से सकारात्मक बदलाव आया है। मगध क्षेत्र के प्रबंधक धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि वर्तमान में सिर्फ जिले में कुल 51 एम्बुलेंस संचालित है, जिनमें 15 एडवांस्ड लाइफ सपोर्ट (ALS), 34 बेसिक लाइफ सपोर्ट (BLS) एम्बुलेंस और 2 शव वाहन(MV) शामिल हैं। इनकी सहायता से प्रतिदिन औसतन 149 मरीजों को निःशुल्क आपातकालीन सेवाएं प्रदान की जा रही हैं।
जिले में सेवाओं में उल्लेखनीय सुधार देखने को मिला है। फरवरी 2026 में जिले में कुल 4,150 मामलों में सहायता दी गई, जिनमें 3,211 गर्भवती महिलाएं, 106 नवजात शिशु, 114 सड़क दुर्घटना के मामले और 719 अन्य मामले शामिल हैं। संचालन संभालने के बाद से कंपनी लगातार सेवा की गुणवत्ता और कार्यप्रणाली में सुधार पर ध्यान दे रही है। इसके परिणामस्वरूप कॉल रिस्पॉन्स टाइम में कमी आई है, मरीजों तक एम्बुलेंस पहुंचने का समय बेहतर हुआ है और यात्रा के दौरान मरीजों की देखभाल के स्तर में भी सुधार हुआ है।
इस संबंध में स्टेट हेड दीपक श्रीवास्तव ने बताया कि “अब तक हुए सुधारों पर हमें गर्व है, लेकिन हमारी यात्रा अभी जारी है। आगे हमारा लक्ष्य आधुनिक तकनीक को मानवीय संवेदनशीलता के साथ जोड़कर एम्बुलेंस सेवाओं के नए मानक स्थापित करना है।” उन्होंने कहा, “हमारे ड्राइवर, ईएमटी व हेल्पर हमारी सेवाओं की रीढ़ हैं। उनकी मेहनत और समर्पण से ही यह संभव हो पाया है। यह सफलता ज़ेन प्लस बिहार टीम के हर सदस्य की है।” ज़ेन प्लस ने जिला प्रशासन और राज्य सरकार के सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके निरंतर समर्थन से ही राज्यभर में बेहतर आपातकालीन चिकित्सा सेवाएं प्रदान करना संभव हो सका है।
भईया जी की रिपोर्ट