नवादा : जिले के अकबरपुर प्रखंड मुख्यालय सभाकक्ष में आयोजित अकबरपुर, गोविंदपुर व नरहट प्रखंड की संयुक्त शांति समिति की बैठक आहूत की गयी। रजौली एसडीएम स्वतंत्र कुमार सुमन की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में अधिकारियों ने कई दिशा निर्देश दिया। एसडीपीओ गुलशन कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि बगैर अनुज्ञप्ति किसी भी अखाड़े को जुलूस निकालने की अनुमति नहीं दी जायेगी। जुलूस में आपत्तिजनक नारा, अश्लील या किसी दूसरे धर्म के विरुद्ध गाने, धारदार हथियार, डीजे बजाने की अनुमति नहीं दी जा सकती। ऐसा करने वालों के विरुद्ध भले ही तत्काल प्राथमिकी या गिरफ्तारी न हो लेकिन बाद में उनके विरुद्ध सारी कार्रवाई तय है।
शांति समिति के सदस्यों ने बिजली, पानी, चिकित्सा के साथ अन्य मुद्दों को अधिकारियों के समक्ष रखा जिसका समाधान का आश्वासन दिया गया। गोविंदपुर बीडीओ व थानाध्यक्ष ने सकरी नदी से बालू लेकर आने वाले वाहनों को एक दिन के लिए रोक लगाने का अनुरोध मौजूद एसडीएम व एसडीपीओ से किया जिसकी स्वीकृति प्रदान कर दी गयी।
तकरीबन निर्धारित समय से पैंतालिस मिनट बिलम्ब से आरंभ हुई बैठक में जिला कापरेटिव बैंक के उपाध्यक्ष चन्द्रिका यादव, जिले के वरीय पत्रकार रवीन्द्र नाथ भैया, नरहट प्रखंड खनवां के पप्पू बाबू, बलिया बुजुर्ग पंचायत के पूर्व मुखिया विनोद कुमार राकेश उर्फ टाम, नरेश मालाकार, पचरुखी पंचायत मुखिया प्रतिनिधि ब्रम्हचारी प्रसाद कुशवाहा, मो. सुहैल, विजय यादव, बलिया बुजुर्ग पैक्स अध्यक्ष राकेश कुमार उर्फ तालो, पूर्व अध्यक्ष राजीव कुमार बाबी, अजीत कुमार, रामनवमी शोभा यात्रा समिति अध्यक्ष कौशल कुमार पाण्डेय, महेश प्रसाद आदि ने अपने अपने विचारों को अधिकारियों के समक्ष रखा।
अंत में मो. मुख्तार वारसी कौमी एकता से संबंधित स्वरचित तराना के माध्यम से लोगों का दिल जीतने में कामयाब रहे। मौके पर अकबरपुर बीडीओ राधा रमण मुरारी,सीओ संजय कुमार, गोविंदपुर व नरहट बीडीओ, अकबरपुर थानाध्यक्ष रुपेश कुमार सिन्हा, नरहट, गोविंदपुर, थाली थानाध्यक्ष समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।
भईया जी की रिपोर्ट