नवादा : जिले के रजौली अनुमंडल कार्यालय में श्री स्वतंत्र कुमार सुमन की अध्यक्षता में अनुमंडल स्तरीय शांति समिति की बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में आगामी रामनवमी पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने को लेकर विभिन्न बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में अनुमंडल पदाधिकारी ने उपस्थित सभी जनप्रतिनिधियों, पूजा समिति के सदस्यों एवं गणमान्य नागरिकों से अपील की कि पर्व को आपसी भाईचारे एवं सामाजिक सद्भाव के साथ मनाएं तथा किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें।
उन्होंने कहा कि प्रशासन पूरी तरह सजग एवं प्रतिबद्ध है और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही है। उन्होंने निर्देश दिया कि जुलूस एवं शोभायात्रा निर्धारित मार्ग एवं समय के अनुसार ही निकाले जाएं तथा किसी भी स्थिति में प्रशासन द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों का उल्लंघन न किया जाए। ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग में निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित करने को कहा गया।
बैठक में उपस्थित अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी,रजौली श्री गुलशन कुमार द्वारा बताया गया कि संवेदनशील स्थलों पर विशेष नजर रखी जाएगी तथा पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। इसके अतिरिक्त, सीसीटीवी एवं ड्रोन के माध्यम से भी निगरानी की व्यवस्था की जाएगी। अनुमंडल पदाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को साफ-सफाई, पेयजल, बिजली आपूर्ति एवं स्वास्थ्य सेवाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया, ताकि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
भईया जी की रिपोर्ट