नवादा : जिले के रजौली प्रखंड ब्लॉक रोड स्थित देवराज पार्क में थाना क्षेत्र के सभी दफादारों और चौकीदारों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर बैठक आयोजित की, जिसमें प्रशासन के विरुद्ध गहरा असंतोष प्रकट किया गया।
बैठक की अध्यक्षता कर रहे दफादार बृजनंदन गिरी ने विभाग पर उपेक्षा का आरोप लगाते हुए स्पष्ट किया कि लंबे सेवा काल के बावजूद आज तक कर्मियों को एसीपी का लाभ नहीं दिया जा रहा है,जबकि नियमानुसार अब तक उन्हें तीन बार यह लाभ मिल जाना चाहिए था।एसीपी जैसे वित्तीय अधिकारों से वंचित रखे जाने के साथ-साथ वक्ताओं ने अधिकारियों द्वारा किए जा रहे कथित शोषण पर कड़ी आपत्ति जताई और इसे तत्काल बंद करने की मांग की।
बैठक में एक अनोखा और कड़ा प्रस्ताव रखा गया कि यदि कोई चौकीदार या दफादार भूलवश कोई गलती करता है, तो उसका निर्णय सामाजिक स्तर पर निर्धारित होना चाहिए, किसी भी पदाधिकारी द्वारा सीधे दंडात्मक कार्रवाई करना उन्हें स्वीकार्य नहीं है और इसे अशोभनीय माना जाएगा। विरोध सभा में दफादार बृजनंदन गिरी और दयानंद पासवान के नेतृत्व में राजनंदन प्रसाद, मनोज कुमार,कृष्णनंदन प्रसाद गोप, सिकंदर कुमार, चिराग पासवान, शंकर यादव, मिथलेश पासवान, श्याम बिहारी, मिथिलेश कुमार और धर्मेंद्र कुमार समेत क्षेत्र के दर्जनों चौकीदार अपनी एकजुटता प्रदर्शित करने हेतु उपस्थित रहे।
भईया जी की रिपोर्ट